पटना में PM मोदी के जन्मदिन का खास आयोजन, CM सम्राट चौधरी ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर पटना में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की. इस दौरान बाढ़ पीड़ितों के बीच डिग्निटी किट और स्वास्थ्य जांच कार्ड भी बांटे गए.

पटना में PM मोदी के जन्मदिन का खास आयोजन, CM सम्राट चौधरी ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

पटना:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और पटना एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया.

Image

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं और कलाकारों ने गंगा आरती भी की. पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मुख्यमंत्री ने पद्मश्री डॉ. आरएन सिंह, पद्मश्री डॉ. शांति राय, पद्मश्री डॉ. विजय प्रकाश और पद्मश्री डॉ. जेके सिंह को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया.मख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प से जुड़ा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने के साथ जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग को मजबूत करना जरूरी है.

Image

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ के बिंद टोली में बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे सामुदायिक रसोई केंद्र का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां भोजन की व्यवस्था और गुणवत्ता की जानकारी ली और बाढ़ प्रभावित लोगों से उनका हालचाल भी जाना.

Image

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच डिग्निटी किट और स्वास्थ्य जांच कार्ड वितरित किए. उन्होंने बाढ़ के दौरान जान गंवाने वाले एक व्यक्ति के आश्रित को सहायता राशि का चेक भी सौंपा. इसके अलावा चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली.कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय गुप्ता, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर मिले स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार जताया है. उन्होंने कहा कि यह भाव उन्हें देश की सेवा के संकल्प को और मजबूती देता है.