सोनिया गांधी की किताब में नीतीश का जिक्र, जदयू हुई आक्रमक, संजय झा ने पूछा कांग्रेस बताए 'आखिर क्यों...'

लोकसभा चुनाव से पहले बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास किया था. उनकी कोशिशों से विपक्षी दल एक साथ आए लेकिन अचानक खुद नीतीश कुमार बाहर हो गए और एनडीए में शामिल हो गए थे. सोनिया गांधी इस बात का जिक्र अपनी किताब में किया है.

सोनिया गांधी की किताब में नीतीश का जिक्र, जदयू हुई आक्रमक, संजय झा ने पूछा कांग्रेस बताए 'आखिर क्यों...'

पटना: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब सामने आने के बाद देश भर में सियासत शुरू हो गई है. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में व्यक्तिगत जीवन के साथ ही कई राजनीतिक बातों का भी जिक्र किया है जिसकी वजह से सियासत काफी गर्म हो गई है. किताब में दर्ज कई मुद्दों को लेकर भाजपा लगातार कांग्रेस पर हमला कर रही है. इस बीच अब जदयू ने भी सोनिया गांधी समेत पूरे विपक्ष पर जोरदार वार किया साथ ही बताया है कि आखिरकार इंडिया गठबंधन की नींव रखने वाले नीतीश कुमार ने साथ क्यों छोड़ दिया.

संजय झा ने कांग्रेस से पूछा सवाल

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि नीतीश कुमार के राजनीतिक योगदान और लंबे सार्वजनिक जीवन के बावजूद उनके बारे में ओछी टिप्पणी उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन छोड़ना पड़ा. नीतीश कुमार का करीब 50 वर्षों का सार्वजनिक जीवन रहा है, वह कांग्रेस के इमरजेंसी के दौरान जेल में भी रहे. आज बिहार के बदलाव की नींव भी नीतीश कुमार ने ही रखी है. ऐसे नेता जिसने एक राज्य की सूरत बदल दी है उसके बारे में टिप्पणी करना उचित नहीं है.

विपक्ष के नेता कांग्रेस को नहीं रखना चाहते थे साथ

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि इंडिया गठबंधन की नींव नीतीश कुमार ने ही रखी थी और इसकी पहली बैठक भी पटना में हुई थी. नीतीश कुमार ने विपक्षी नेताओं को एकजुट करने में बड़ी भूमिका निभाई थी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जिन नेताओं से बातचीत की थी, उनमें से कई ने कांग्रेस को छोड़कर विपक्षी गठबंधन बनाने की सलाह दी थी. इसके बावजूद नीतीश कुमार ने कांग्रेस को साथ रखा और गठबंधन बनाने में उसकी भूमिका को महत्व दिया. संजय झा ने दावा किया कि कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक में उसके वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी कहा था कि नीतीश कुमार को रोकना चाहिए था, संजय झा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन में कोई स्पष्ट नीति और विचारधारा आधारित साझा उद्देश्य नहीं था.

देश हित नहीं था उद्देश्य

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि बाद में नीतीश कुमार ने महसूस किया कि गठबंधन में देश को लेकर कोई ठोस उद्देश्य नहीं है बल्कि सभी दल व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के साथ हैं. जिस व्यक्ति ने विपक्ष के सभी दलों को एकजुट करने का प्रयास किया आखिर कुछ तो ऐसी परिस्थिति बनी होगी कि उसे ही बाहर निकलना पड़ा. 

सोनिया गांधी ने लिखा है 'नीतीश खोज रहे थे मौका'

बता दें कि मंगलवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव सामने आने के बाद देश भर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इस किताब में सोनिया गांधी ने लिखा है कि नीतीश कुमार भाजपा के दबाव में थे. वह इंडिया गठबंधन से बाहर जाने का मौका तलाश रहे थे. उन्होंने किताब में लिखा है कि नीतीश कुमार ने शुरुआत में विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने में अहम भूमिका निभाई थी. लेकिन जनवरी 2024 में उन्होंने महागठबंधन छोड़ दिया और फिर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ सरकार बना ली. अब इस टिप्पणी को जदयू ने आड़े हाथों लिया और कांग्रेस पर तीखे सवाल किया है.