पटना (PATNA) : बिहार में सिवान और जहानाबाद की हालिया घटनाओं को लेकर राजनीति तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि सिवान-जहानाबाद की घटना में AK-47 जैसे हथियार का इस्तेमाल कैसे हुआ और यह किसके आदेश पर चला, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए.
राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है. उन्होंने कहा कि अब तक संबंधित SP और DM पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि इतनी गंभीर घटना के बाद प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए. उनका कहना था कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
पीड़ितों का हाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया
तेजस्वी यादव ने बताया कि DGP ने उन्हें निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सजा दिलाई जाएगी. इस बीच राष्ट्रीय जनता दल का एक प्रतिनिधिमंडल भी सिवान पहुंचा और घटना से प्रभावित छात्रों से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ितों का हाल जाना और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
तेजस्वी ने दोहराया न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी
तेजस्वी यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के अन्य नेताओं से भी बिहार आने की अपील की. उन्होंने कहा कि विपक्ष को एकजुट होकर पीड़ितों के साथ खड़ा होना चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी आंदोलन के दौरान इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों. उन्होंने कहा कि इस मामले में ऐसी मिसाल कायम होनी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी प्रदर्शन या आंदोलन के दौरान हथियारों का इस्तेमाल करने की कोई हिम्मत न कर सके. तेजस्वी यादव ने दोहराया कि न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी.

