गया (BIHAR) : बिहार के गया स्थित बिपार्ड (BIPARD) परिसर में दो दिवसीय आवासीय प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अता हसनैन और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस कार्यक्रम में राज्य के जनप्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जहां उन्हें सुशासन, नीति निर्माण और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा.

विकास रोडमैप तैयार करने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी विधायकों से अपनी-अपनी विधानसभा के लिए अगले पांच वर्षों का विकास रोडमैप तैयार करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जिस तरह राज्य सरकार हर साल बजट और विकास की योजनाएं बनाती है, उसी तरह प्रत्येक विधायक को भी अपने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्पष्ट और दीर्घकालिक योजना बनानी चाहिए.
विकास कार्यों में तेजी आएगी और सीधा लाभ मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रोडमैप में रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, सड़क, बिजली, पानी जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े लक्ष्य स्पष्ट रूप से शामिल होने चाहिए. उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से काम करने से विकास कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
विकास कार्य अधिक प्रभावी ढंग से पूरे किए जा सकेंगे
उन्होंने यह भी कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र की जरूरतें अलग-अलग होती हैं. इसलिए स्थानीय समस्याओं और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विकास की योजना तैयार की जानी चाहिए. इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और विकास कार्य अधिक प्रभावी ढंग से पूरे किए जा सकेंगे.
योजनाबद्ध और संतुलित विकास को नई दिशा मिलेगी
दो दिवसीय आवासीय प्रबोधन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ाना, उन्हें सुशासन की नई अवधारणाओं से परिचित कराना तथा विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विशेषज्ञ जनप्रतिनिधियों को नीति निर्माण, प्रशासनिक समन्वय, नेतृत्व कौशल और जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे. उम्मीद है कि इस पहल से बिहार के सभी विधानसभा क्षेत्रों में योजनाबद्ध और संतुलित विकास को नई दिशा मिलेगी.

