पटना(PATNA):बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को अचानक हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई, जहां शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के बेली रोड स्थित आईजीआईएमएस अस्पताल के पास न्यू अंशिका मेडिको को बदमाशों ने निशाना बनाया और तीन राउंड लगातार फायरिंग की, जिसके बाद आसपास के इलाके के लोग सहम गए. हालांकि, गोलीबारी में किसी के घायल होने की कोई भी सूचना अब तक नहीं है.
मेडिकल स्टोर में घुसकर बदमाशों ने की मारपीट
अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक बाइक पर सवार होकर कुछ बदमाश न्यू अंशिका मेडिको के पास पहुंचे और दुकान में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद दहशत फैलाने की मंशा से फायरिंग करते हुए फरार हो गए. मामले में दुकान के संचालक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश लगभग 6 से 7 की संख्या में आए हुए थे. उन्होंने उनके स्टाफ के साथ मारपीट की और धमकी दी. वहां से जाते समय बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की. बदमाशों ने धमकी देते हुए कहा कि तुम आईजीआईएमएस में काम करते हो, मुझे भी करने दो, नहीं तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
वहीं, इस मामले की सूचना के बाद शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि फुटेज के माध्यम से बदमाशों की पहचान हो सके और उनके भागने के रास्ते का भी पता लगाया जा सके. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बदमाशों ने मेडिकल स्टोर को ही निशाना क्यों बनाया और फायरिंग के पीछे मंशा क्या थी. फिलहाल, पुलिस अब तक मिले सबूतों के आधार पर जांच कर रही है.

