बेगूसराय (BEGUSARAI): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज, 19 जुलाई को मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार बेगूसराय दौरे पर आ रहे है.उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग और अन्य सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. प्रशासन लगातार कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रहा है.वहीं, मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह का माहौल है.भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला बेगूसराय दौरा है. इसे लेकर पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है.
करोड़ों की योजनाओं की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जिले को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे.प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वे हेलीकॉप्टर से गांधी स्टेडियम पहुंचेंगे. इसके बाद सड़क मार्ग से बीपी स्कूल जाएंगे, जहां मॉडल स्कूल का उद्घाटन करेंगे. साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.खेल भवन के उद्घाटन की भी संभावना है.इसके बाद मुख्यमंत्री बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप पहुंचेंगे, जहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह सक्रिय
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह सक्रिय है. सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम स्थलों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है.मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. लोगों को उम्मीद है कि इस दौरान बेगूसराय को कई नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी.

