पटना (PATNA) :राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित प्रसिद्ध नाट्य प्रस्तुति 'मेरे राम' के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था. उद्घाटन समारोह के बाद मुख्यमंत्री अपनी आरक्षित सीट पर बैठने के बजाय सभागार की पिछली पंक्ति में जाकर बैठ गए. कुछ ही देर बाद वे कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही वहां से निकल गए.
कार्यक्रम में बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता आशुतोष राणा सहित कई कलाकारों ने नाट्य मंचन 'मेरे राम' की प्रस्तुति देनी थी. आयोजन में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और दर्शक भी मौजूद थे.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बदली सीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए जो सीट निर्धारित की गई थी उसके पास ही पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव बैठे थे. मुख्यमंत्री जब सभागार में पहुंचे तो उन्होंने अपनी आरक्षित सीट पर बैठने के बजाय पीछे की सीट पर बैठना उचित समझा. इसके बाद नाट्य मंचन शुरू होने से पहले ही वे कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए.
मुख्यमंत्री के इस कदम को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय या सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि मुख्यमंत्री किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण वहां से निकले या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी.
तेज प्रताप यादव पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे
उधर, तेज प्रताप यादव पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे. सांस्कृतिक आयोजन के दौरान घटी इस घटना ने कार्यक्रम से अधिक राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे दिया. अब सभी की नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जल्दी निकलने को लेकर सरकार या संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है या नहीं.

