पटना हिंसा मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 117 उपद्रवियों की तस्वीर जारी, 25 FIR दर्ज
पटना प्रदर्शन हिंसा मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने 117 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं और अब तक 25 FIR दर्ज की जा चुकी है.CCTV और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पटना(PATNA):पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और उपद्रव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पटना पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान उपद्रव फैलाने के आरोप में चिन्हित किए गए 117 लोगों की तस्वीरें जारी की है.पुलिस के मुताबिक, वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इन लोगों की पहचान की गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.पटना एसएसपी के अनुसार, प्रदर्शन और हिंसा से जुड़े मामलों में अब तक कुल 25 FIR दर्ज की जा चुकी है.अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नामजद आरोपियों के साथ बड़ी संख्या में अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए है.
85 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया
कोतवाली थाना में दर्ज मामले में 85 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि करीब एक हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इस मामले में अब तक 45 लोगों की गिरफ्तारी की गई है.वहीं, गांधी मैदान थाना में 88 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.यहां एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करीब 500 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.इसके अलावा सचिवालय थाना में 95 लोगों को नामजद करते हुए FIR दर्ज की गई है.
अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया
इस थाना क्षेत्र से अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करीब एक हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.पुलिस अब प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर सामने आए विजुअल के जरिए उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.पुलिस का कहना है कि चिन्हित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इलाकों में छापेमारी जारी है.