हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर सड़क हादसा, अधिवक्ता की मौत, तीन साथी घायल

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर पुलिस लाइन के पास सड़क हादसे में अधिवक्ता कुंदन कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथी अधिवक्ता घायल हो गए.

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर सड़क हादसा, अधिवक्ता की मौत, तीन साथी घायल

हाजीपुर (HAZIPUR): बिहार के वैशाली जिले में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर हुए सड़क हादसे में एक अधिवक्ता की जान चली गई, जबकि कार में सवार उनके तीन साथी घायल हो गए. मृतक की पहचान बकसामा निवासी और हाजीपुर व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता कुंदन कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच शुरू कर दी है.

श्राद्ध कार्यक्रम से लौट रहे थे चारों अधिवक्ता

जानकारी के अनुसार, कुंदन कुमार अपने साथी गोलू, गौरव और ज्ञानू के साथ एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद चारों वैगनआर कार से हाजीपुर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में कुंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार में मौजूद गोलू, गौरव और ज्ञानू घायल हो गए. तीनों के भी पेशे से अधिवक्ता होने की जानकारी सामने आई है.

दूसरे वाहन के चकमा देने के बाद बिगड़ा संतुलन

साथी अधिवक्ता मोहन सिंह के अनुसार, पुलिस लाइन के पास सड़क पार करने के दौरान एक अन्य वाहन के चालक ने कार को चकमा दिया. इसके बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया. हालांकि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है. दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की.

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

पुलिस ने कुंदन कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं, हादसे में घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे. मृतक के स्वजन को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वे भी अस्पताल पहुंच गए. कुंदन कुमार की मौत की खबर पहुंचने के बाद बकसामा गांव में शोक का माहौल है. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. इधर, पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. दुर्घटना में कथित रूप से शामिल दूसरे वाहन के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.