बिहार MLC चुनाव से पहले RJD का बड़ा दांव, कई नेताओं ने थामा लालटेन का साथ
MLC चुनाव से पहले RJD में कई नेताओं की एंट्री हुई है. जन सुराज, कांग्रेस और वामदल से जुड़े नेताओं ने राजद की सदस्यता ली, वहीं प्रो. जयराम यादव को सारण शिक्षक सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.
पटना (PATNA): बिहार में विधान परिषद चुनाव 2026 की आहट के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में नेताओं के शामिल होने का सिलसिला तेज हो गया है. पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़े कई नेताओं ने RJD का दामन थाम लिया. इनमें जन सुराज से जुड़ी रहीं डॉ. रश्मि विनय, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले दिलीप कुमार और वामदल से जुड़े रहे प्रो. जयराम यादव प्रमुख रूप से शामिल हैं.
RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस दौरान उन्हें गमछा पहनाकर और माला पहनाकर पार्टी में औपचारिक रूप से स्वागत किया गया. मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील कुमार, भोला यादव और प्रमुख प्रवक्ता शक्ति यादव भी मौजूद रहे. नेताओं के इस तरह RJD में शामिल होने को आगामी विधान परिषद चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद प्रो. जयराम यादव को बड़ी जिम्मेदारी भी मिल गई. RJD ने उन्हें सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है. यानी पार्टी में एंट्री के साथ ही उन्हें चुनावी मैदान में उतरने का मौका मिल गया है. इससे सारण शिक्षक सीट पर मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है.
इसी बीच बिहार विधान परिषद एवं स्नातक शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए RJD ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी है. पार्टी की ओर से जारी सूची के बाद चुनावी तैयारियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य दलों में भी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ेंगी और उम्मीदवारों के नाम सामने आने के साथ चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी.