RJD विधायक भाई वीरेंद्र का बड़ा हमला, बोले- बिहार में कोई सुरक्षित नहीं, पूरी सरकार फेल
RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने पार्टी संगठन और बिहार की कानून-व्यवस्था पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने सरकार पर अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया.
RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने पार्टी संगठन और बिहार की कानून-व्यवस्था पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने सरकार पर अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया.
पटना (PATNA) : राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने पार्टी संगठन और बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने संगठन के कुछ लोगों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोगों को पैसा कमाने की भूख है और कुछ लोगों का लक्षण सुधरने वाला नहीं है. उन्होंने कहा कि पार्टी की नई कमेटी का गठन जल्द होगा और इस संबंध में पार्टी के नेता आगे जानकारी देंगे.
बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब
भाई वीरेंद्र ने बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भी राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सिवान में एके-47 और बिहार में अपराध की घटनाओं को मुद्दा बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है.उन्होंने कहा कि बिहार में पत्रकार, किसान और आम आदमी कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है. राज्य में लगातार हत्या और दूसरी आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार इन्हें रोकने में सफल नहीं हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ जिस तरह की कार्रवाई होनी चाहिए, वह जमीन पर दिखाई नहीं दे रही है.
बिहार की पूरी सरकार फेल हो चुकी है
आरजेडी विधायक ने कहा कि कई मामलों में गिरफ्तारी भी केवल नाम दिखाने के लिए की जा रही है. अपराध पर नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है, लेकिन सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है. भाई वीरेंद्र ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की ओर से पहले भी मुख्यमंत्री से अपील की गई थी कि उन्हें सत्ता मिली है तो अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें. इसके बावजूद स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध की घटनाओं को रोकने में नाकाम रही है और बिहार की पूरी सरकार फेल हो चुकी है.