विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में चयनित रिया और भवानी को मिले 2-2 लाख रुपये, शिक्षा मंत्री ने सौंपा चेक

विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित बिहार के गोपालगंज की खिलाड़ी रिया सिंह और भवानी सिंह को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए.

विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में चयनित रिया और भवानी को मिले 2-2 लाख रुपये, शिक्षा मंत्री ने सौंपा चेक

पटना (PATNA): विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित बिहार के गोपालगंज की खिलाड़ी रिया सिंह और भवानी सिंह को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दोनों खिलाड़ियों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे. इस राशि का उपयोग खिलाड़ियों की विदेश यात्रा और प्रतियोगिता से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों में किया जा सकेगा.

मुख्यमंत्री ने की थी आर्थिक सहायता की घोषणा

रिया सिंह और भवानी सिंह के भारतीय टीम में चयन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की थी. घोषणा के दो दिन बाद ही सहायता राशि खिलाड़ियों तक पहुंचाई गई. दोनों खिलाड़ियों को आर्थिक सहयोग दिलाने की दिशा में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पहल की थी.

शिक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

विकास भवन स्थित शिक्षा मंत्री के कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिया और भवानी को सहायता राशि के चेक दिए गए. इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और विश्व प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं.उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर बिहार को गौरवान्वित किया है. विश्व स्तर की प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में जगह बनाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश और बिहार का मान बढ़ाएंगी.

प्रतिभावान खिलाड़ियों को सहयोग देने का भरोसा

शिक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा और राशि उपलब्ध कराने की दिशा में त्वरित कदम उठाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आवश्यक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या संसाधनों की कमी के कारण प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की प्रगति प्रभावित न हो. राज्य के होनहार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हों, इसके लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.

रिया सिंह और भवानी सिंह का विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयन गोपालगंज के साथ पूरे बिहार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. अब दोनों खिलाड़ियों से अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है