नीतीश कुमार से मिले RCP सिंह, जदयू में वापसी की अटकलें तेज

नीतीश कुमार से मिले RCP सिंह, जदयू में वापसी की अटकलें तेज

पटना (PATNA) : राजधानी पटना में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. पहले मुलाकात नहीं होने की खबर आई थी, लेकिन बाद में आरसीपी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुलाकात की पुष्टि की. दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई जिसके बाद आरसीपी सिंह की जदयू में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई है.

हालांकि, कुछ ही देर बाद स्थिति साफ हो गई. आरसीपी सिंह ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नीतीश कुमार से मुलाकात की जानकारी साझा की. इसके बाद यह पुष्टि हो गई कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई.

20 मिनट तक चली वार्ता

जानकारी के अनुसार, यह मुलाकात पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड पर नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर हुई. दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत चली. हालांकि, मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

वापसी की चर्चाएं तेज

इस मुलाकात के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर आरसीपी सिंह की जनता दल (यूनाइटेड) में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं. राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि उनकी जदयू में वापसी लगभग तय मानी जा रही है. हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

गौरतलब है कि आरसीपी सिंह कभी नीतीश कुमार के बेहद करीबी नेताओं में गिने जाते थे. बाद में दोनों के रिश्तों में दूरी आ गई और उन्होंने जदयू छोड़ दी थी. ऐसे में लंबे समय बाद हुई यह मुलाकात राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच यह मुलाकात आने वाले दिनों में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम का संकेत हो सकती है. अब सभी की नजर जदयू की ओर से होने वाले आधिकारिक फैसले पर टिकी है कि क्या आरसीपी सिंह की पार्टी में वापसी होती है या नहीं.

फिलहाल, नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह की इस मुलाकात ने बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.