पटना में पूर्व पार्षद पर फायरिंग के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल, मंत्री अशोक चौधरी बोले- सरकार का इकबाल है और रहेगा
पटना में पूर्व पार्षद अनिल यादव पर फायरिंग के बाद कानून-व्यवस्था पर उठे सवालों का मंत्री अशोक चौधरी ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का इकबाल कायम है और अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी.
पटना (PATNA): राजधानी पटना में पूर्व पार्षद अनिल यादव पर हुई फायरिंग के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी से जब पत्रकारों ने लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और सरकार के इकबाल को लेकर सवाल किया तो वह तल्ख अंदाज में जवाब देते नजर आए.
पत्रकारों के सवाल पर अशोक चौधरी ने दिया जवाब
पत्रकारों ने अशोक चौधरी से पूछा कि बिहार में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, ऐसे में क्या सरकार का इकबाल खत्म हो गया है? इस सवाल पर मंत्री ने कहा कि पत्रकार सवाल पूछ सकते हैं, लेकिन सरकार का इकबाल है या नहीं, इसका फैसला बिहार की जनता करेगी. अशोक चौधरी ने कहा कि सवाल उठाने वालों के शासनकाल में बिहार की क्या स्थिति थी, यह राज्य की जनता जानती है. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार का इकबाल कायम है और आगे भी रहेगा.
नीतीश कुमार का जिक्र कर कार्रवाई का दिया भरोसा
अशोक चौधरी ने अपने जवाब में नीतीश कुमार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह वही नीतीश कुमार हैं, जिनके शासन में गलत काम करने पर अपने लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई और उन्हें जेल भेजा गया. मंत्री ने कहा कि हाल में बिहार में बड़ी आपराधिक घटनाएं हुई हैं और उन मामलों में कार्रवाई की जा रही है. उनके मुताबिक सरकार की नीति स्पष्ट है कि जो भी कानून तोड़ेगा या गड़बड़ी करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
अनिल यादव पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
पटना के बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र में पूर्व पार्षद अनिल यादव पर बुधवार शाम हमला हुआ था. पुलिस के अनुसार बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग की, जिसमें उन्हें कई गोलियां लगीं. घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है और पुलिस हमलावरों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है. घटना के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष और अन्य राजनीतिक नेताओं ने सरकार पर सवाल उठाए हैं. इसी पृष्ठभूमि में मंत्री अशोक चौधरी का यह बयान सामने आया है.