पटना (PATNA) : बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर ने क्षेत्र के युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है. लोगों को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका लक्ष्य बांकीपुर के पढ़े-लिखे और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. उन्होंने ऐसे युवाओं से अपना बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने की अपील की है.
बड़ी कंपनियों में रोजगार दिलाने के लिए काम किया जाएगा
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग उन्हें यह कहकर गाली दे रहे हैं कि चुनाव जीतने के बाद वह कहां घूम रहे हैं. इस पर उन्होंने कहा, “हम कहीं घूम नहीं रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी परिवार का बच्चा पढ़ा-लिखा है और नौकरी की तलाश कर रहा है तो उसका CV उनके कार्यालय में जमा किया जाए. प्रशांत किशोर ने दावा किया कि उनका प्रयास बांकीपुर के 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का है. उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को बड़ी कंपनियों में रोजगार दिलाने के लिए काम किया जाएगा.
बांकीपुर के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नौकरी का अवसर मिले
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कोशिश होगी कि बिहार के किसी भी विधानसभा क्षेत्र की तुलना में बांकीपुर के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नौकरी का अवसर मिले. इसके लिए उन्होंने अपने संपर्क में मौजूद लोगों और उनसे जुड़े लोगों से भी सहयोग करने को कहा है. प्रशांत किशोर के मुताबिक, जिन लोगों को उनसे किसी तरह का फायदा या सहयोग मिला है, उनसे कहा गया है कि वे अब बांकीपुर के बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने में मदद करें.
रोजगार को लेकर किया गया प्रशांत किशोर का यह ऐलान चर्चा में
चुनाव जीतने के बाद रोजगार को लेकर किया गया प्रशांत किशोर का यह ऐलान चर्चा में है. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने के इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए आगे किस तरह की प्रक्रिया अपनाई जाती है और युवाओं को किन कंपनियों तथा क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलते हैं.

