बांकीपुर जीत के बाद प्रशांत किशोर की पहली प्रतिक्रिया, बोले- बिहार के विकास पर दें सबसे ज्यादा ध्यान

बांकीपुर जीत के बाद प्रशांत किशोर की पहली प्रतिक्रिया, बोले- बिहार के विकास पर दें सबसे ज्यादा ध्यान

पटना (PATNA) : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने इस जीत को जनता का संदेश बताते हुए कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बिहार का विकास और युवाओं के लिए रोजगार है.

रोजगार के अवसर पैदा किए जाने चाहिए

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के लाखों युवाओं को रोजगार की तलाश में दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे राज्यों में पलायन करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति बदलनी चाहिए और राज्य में ही रोजगार के अवसर पैदा किए जाने चाहिए ताकि युवाओं को अपना घर छोड़ने की मजबूरी न हो.

चुनाव के जरिए केंद्र सरकार को एक स्पष्ट संदेश

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता ने इस चुनाव के जरिए केंद्र सरकार को एक स्पष्ट संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि जिस तरह गुजरात के विकास पर ध्यान दिया गया, उसी तरह बिहार को भी विकास और रोजगार के मामले में प्राथमिकता मिलनी चाहिए.

प्रशांत किशोर ने अपनी राय दोहराई

मुख्यमंत्री के मुद्दे पर भी प्रशांत किशोर ने अपनी राय दोहराई.उन्होंने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो राज्य को बेहतर दिशा दे सके. उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया गया है, उसे लेकर उन्होंने पहले भी सवाल उठाए थे. अब बांकीपुर की जनता ने भी भाजपा को बेहतर नेतृत्व और मजबूत उम्मीदवार देने का संदेश दिया है.

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता का आभार जताया

अपने संबोधन के अंत में प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जिन्होंने उन्हें वोट दिया, उनका धन्यवाद है और जिन्होंने वोट नहीं दिया, उनका भी पूरा सम्मान है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी आगे भी सभी लोगों का विश्वास जीतने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि बिहार का विकास ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगा.