अनंत सिंह की विधायकी रद्द करने की कार्रवाई जल्द होगी पूरी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभा में सौंपे सबूत

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पार्टी से बाहर करने के बाद अब जदयू उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करवाने की दिशा में लगातार काम कर रही है.

अनंत सिंह की विधायकी रद्द करने की कार्रवाई जल्द होगी पूरी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभा में सौंपे सबूत

पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पार्टी से बाहर करने के बाद अब जदयू उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करवाने की दिशा में लगातार काम कर रही है. जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और एमएलसी संजय गांधी सोमवार को विधानसभा पहुंचे जहां उन्होंने सचिव से मुलाकात की और प्रक्रिया की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से भी मुलाकात की. बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने सचिव को अनंत सिंह के विरुद्ध सबूत भी सौंपे. सचिव ने भी नियमानुसार कार्रवाई के बाद जल्द नोटिस भेजने की बात कही है.

विधानसभा सचिव से मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी पार्टी अब तक नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करती आई है. हमारी पार्टी में संविधान और अनुशासन का अनुपालन सबसे अधिक जरूरी है. जिन लोगों ने पार्टी के संविधान, नियम और अनुशासन के विरुद्ध काम किया है उनके ऊपर कार्रवाई करने का हमारा अधिकार है. यह सर्वविदित है कि अनंत सिंह ने पार्टी के विरोध में काम किया तथा कई बयान भी दिए. इसके साथ ही उन्होंने अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर भी पति अनंत सिंह के साथ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की बात कही.

बता दें कि विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध और जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान किया था. उन्होंने अनुज सिंह के लिए लगातार चुनाव प्रचार भी किया. इस दौरान अनंत सिंह से बात करने के लिए जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को जिम्मेदारी सौंपी थी लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं हुए. अब मतदान के अगले दिन ही पार्टी ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को 6 वर्षों के लिए बाहर कर दिया साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की भी अनुशंसा की है.