भाजपा के वरिष्ठ नेता आर के सिन्हा को सीएम, डिप्टी सीएम समेत राबड़ी देवी ने भी दी श्रद्धांजलि, व्यक्त की संवेदनाएं
SIS ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन डॉ रविन्द्र किशोर सिन्हा ने शुक्रवार को नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की सूचना के बाद राजनीतिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई.
पटना: भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और SIS ग्रुप के संस्थापक डॉ आर के सिन्हा को शुक्रवार को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई नेता पहुंचे. मुख्यमंत्री समेत सभी नेताओं ने दिवंगत आर के सिन्हा के बेटे और भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा समेत उनके परिवार से मुलाकात कर ढाढ़स बंधाया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की. इसके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत अन्य कई नेता भी उनके आवास पर पहुंचे.
वरिष्ठ नेता आर के सिन्हा के निधन की खबर के बाद बिहार की राजनीतिक जगत में शोक का माहौल बन गया. उनके अंतिम दर्शन के लिए सभी दलों के नेता ऋतुराज सिन्हा के आवास अन्नपूर्णा आवास पहुंचे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी पहुंचे और नमन किया तथा परिवार के सदस्यों से मुलाकात की. नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. आर के सिन्हा का अंतिम संस्कार शनिवार को ही राजधानी पटना के दीघा घाट पर किया जाएगा.
बता दें कि SIS ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन डॉ रविन्द्र किशोर सिन्हा ने शुक्रवार को नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की सूचना के बाद राजनीतिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई. आरके सिन्हा ने राज्यसभा सांसद के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई थी. बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में उनकी गिनती होती थी. राजनीति के साथ-साथ कारोबारी जगत में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई.