Bihar Politics: मुख्यमंत्री के ‘नीतीश सेतु’ फैसले पर सियासत तेज, तेजस्वी ने कसा तंज तो तेज प्रताप ने कर दी बड़ी मांग

21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरा के दौरान कच्ची दरगाह - बिदुपुर पुल का उद्घाटन करेंगे लेकिन इससे पहले ही बिहार में सियायत तेज हो गई है.

Bihar Politics: मुख्यमंत्री के ‘नीतीश सेतु’ फैसले पर सियासत तेज, तेजस्वी ने कसा तंज तो तेज प्रताप ने कर दी बड़ी मांग

पटना: 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरा के दौरान कच्ची दरगाह - बिदुपुर पुल का उद्घाटन करेंगे लेकिन इससे पहले ही बिहार में सियायत तेज हो गई है. दरअसल उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पुल का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर कर दिया जिसके बाद बिहार में सियासत शुरू हो गई. सबसे पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पुल का नाम लालू यादव या सामाजिक न्याय सेतु रखने की मांग की. अब तेजस्वी ने भी तंज कसा तो अब लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप ने भी बड़ी मांग की है. हालांकि एनडीए के सभी घटक दलों ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत किया है.

तेजस्वी ने कसा तंज

तेजस्वी ने पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को लेकर तंज कसते हुए कहा कि अक्सर मृत व्यक्ति के नाम से स्मारक या पुल का नाम रखा जाता है. यहां जिंदा व्यक्ति के नाम से पुल का नाम रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस वक्त इस पुल का शिलान्यास हुआ था उस वक्त महान स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखे जाने की सहमति बनी थी और अब भाजपा ने जीवित रहते हुए नामकरण करके यह राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है कि नीतीश कुमार की राजनीति अब समाप्त हो चुकी है। इस पुल के निर्माण में केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई योगदान नहीं है, यह पुल पूरी तरह राज्य के संसाधनों से बनाया गया है.

बिहार की पहचान लालू की वजह से

वहीं लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने कहा कि इस पुल का नाम उनके पिता लालू यादव के नाम पर रखा जाए. उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान लालू प्रसाद यादव की वजह से है. वह पूरे देश के एक मास लीडर हैं. बिहार के सभी नेता उन्हीं के बनाए हुए हैं. तेज प्रताप यादव ने कहा कि बिहार किनकी वजह से जाना जाता है, यह पूरे देश की जनता अच्छी तरह जानती है. कौन कहां से निकला है, यह भी सब जानते हैं. लालू प्रसाद यादव पूरे देश के जननेता हैं. इसलिए मेरी और जनशक्ति जनता दल की यही मांग है कि इस पुल का नाम हमारे पिता के नाम पर रखा जाए.

जदयू ने किया फैसले का स्वागत

वहीं दूसरी तरफ जदयू भाजपा समेत पूरा एनडीए ने पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने के फैसले का स्वागत किया है. इस संबंध में उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश को सम्मान दिया है, यह सराहनीय है. नीतीश कुमार ने जब से बिहार की सत्ता संभाली हमेशा विकास के लिए काम किया है. उनके काम के बदौलत ही बिहार आज विकसित राज्य बनने के पथ पर है.