नीरज कुमार का अनंत सिंह पर जोरदार पलटवार, नाम लिए बगैर कहा 'पार्टी करेगी होमियोपैथिक इलाज

नीरज कुमार ने कहा कि एमएलसी चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने पार्टी के विरुद्ध काम किया है. मुझे ठीक से पूरी बात तो नहीं पता लेकिन यह सौ प्रतिशत निश्चित है कि पार्टी उन लोगों का राजनीतिक तबीयत खराब करेगी.

नीरज कुमार का अनंत सिंह पर जोरदार पलटवार, नाम लिए बगैर कहा 'पार्टी करेगी होमियोपैथिक इलाज

पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया और अब परिणाम का इंतजार है लेकिन अगर कुछ खत्म नहीं हुआ तो वह है जदयू के दो नेताओं के बीच का टकराव और बयानबाजी. मतदान खत्म होने के बाद एक तरफ जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के जीत का दावा करते हुए रसगुल्ला बनवाना शुरू कर दिया है तो दूसरी तरफ अब जदयू के एमएलसी उम्मीदवार नीरज कुमार ने अनंत सिंह को होमियोपैथिक डोज दिया है. इशारों इशारों में नीरज कुमार ने कहा कि अब बहुत जल्द ही उन सभी नेताओं का पार्टी इलाज करने वाली है जिसने चुनाव के दौरान मेरा विरोध किया था.

100 प्रतिशत निश्चित है, पार्टी करेगी इलाज

नीरज कुमार ने कहा कि एमएलसी चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने पार्टी के विरुद्ध काम किया है. मुझे ठीक से पूरी बात तो नहीं पता लेकिन यह सौ प्रतिशत निश्चित है कि पार्टी उन लोगों का राजनीतिक तबीयत खराब करेगी. नीरज कुमार ने अपने विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी लोगों का राजनीतिक भविष्य खराब हो सकता है. नीरज कुमार ने जदयू नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जनता के स्नेह को 'ऐतिहासिक' बताया और कहा कि चुनाव संपन्न हो गया है. चुनाव में हमारे कार्यकर्ताओं की जीत हुई है. नीतीश कुमार का संस्कार और जलवा, कार्यकर्ताओं का उनके प्रति स्नेह, इस वजह से इस चुनाव में रिकॉर्ड कायम कर दिया.

राजनीति का अपराधीकरण दुर्भाग्य

नीरज कुमार ने राजनीति के अपराधीकरण और बाहुबलियों के प्रभाव की भी आलोचना की, जिसको व्यापक रूप से अनंत सिंह की ओर अप्रत्यक्ष इशारा माना जा रहा है, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया. नीरज कुमार ने कहा कि राजनीति का जो अपराधीकरण हुआ, लम्पटीकरण हुआ है, राजनैतिक विमर्श में अपराधियों की पहचान बन जाना, ये राजनीति का दुर्भाग्यजनक पक्ष था. उसके खिलाफ बौद्धिक जनादेश हुआ है. हम समझते हैं इसका आने वाले समय में राजनीति पर गहरा असर पड़ेगा.

विधानसभा चुनाव में प्रतिशोध का अनंत ले रहा बदला

बता दें कि विधान परिषद के पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार थे बावजूद इसके पार्टी के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने उनका विरोध किया और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था. अनंत सिंह का कहना था कि नीरज कुमार ने विधान सभा चुनाव के दौरान मेरा विरोध किया तथा हराने की भी कोशिश की इसलिए अब हम उनका समर्थन नहीं कर सकते हैं. अनंत सिंह मतदान के बाद भी अनुज सिंह की जीत का दावा कर रहे हैं और अब उन्होंने अपने आवास पर रसगुल्ला बनाना भी शुरू कर दिया है.