नीरज कुमार 'बीमार नहीं सब दिन का यही ड्रामा है', अनंत सिंह ने FIR मामले में कहा 'अब डीएसपी का नाम सब जानेगा'
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर तीखा तंज कसा है. नीरज कुमार के बीमार होने को उन्होंने ड्रामा बताया और कहा कि यह सब बार का नियम है
पटना: बिहार में विधान परिषद चुनाव के बीच इन दिनों मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह सबसे अधिक चर्चा में हैं. अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के विरोध में जन सुराज प्रत्याशी का समर्थन करते हुए चुनाव प्रचार तो कर ही रहे हैं लगातार उनके विरुद्ध बयान भी दे रहे हैं. एक बार फिर मंगलवार को अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर जोरदार तरीके से तंज कसा साथ ही उन्होंने अपने ऊपर किए गए एफआईआर को लेकर भी बड़ा बयान दिया. अनंत सिंह ने मंगलवार को राज्य के लोगों और खास कर युवाओं को विजयादशमी की बधाई भी दी.
सब दिन का नियम है
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने को एक ड्रामा करार दिया. उन्होंने कहा कि इनका हर बार का यही नियम है. अभी बूथ पर पैसा भेजना होगा तो अस्पताल में भर्ती हो गए, फिर कुछ देर बाद ठीक हो कर खड़ा हो जाएंगे. इस दौरान उन्होंने लगातार नीरज कुमार का विरोध किए जाने के सवाल पर कहा कि मेरा किसी से कोई विरोध नहीं है लेकिन नीरज कुमार से है. हमने यह ठाना है कि नीरज कुमार को हराना है और कुछ नहीं. उन्होंने कहा कि मैं जनता और भगवान से माफी मांगता हूं लेकिन कहना चाहूंगा कि नीरज कुमार को हराएं.
डीएसपी का नाम अब अधिक लोग जानेगा
इस दौरान अनंत सिंह ने अपने ऊपर हुए एफआईआर को लेकर कहा कि हां केस हुआ है. अब केस हो गया है तो क्या करेंगे बेल ले लेंगे. पहले डीएसपी का नाम नाम लोग जानते थे, अब अधिक लोग जान गए हैं. इस मामले में अनंत सिंह ने सोमवार को भी कहा था कि केस हुआ है तो क्या हुआ, हमको जेल देखल है. बता दें कि अनंत सिंह के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन मामले में बाढ़ में दो और मोकामा में एक एफआईआर दर्ज की गई है.