अनंत सिंह के बयान पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने दिया बड़ा बयान, कहा 'पार्टी को है पूरी जानकारी'
बिहार विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर अनंत सिंह अपनी पार्टी के प्रत्याशी के विरोध में लगातार प्रचार कर रहे हैं. अब उन्होंने एक बयान दिया जिस पर बयानबाजी तेज हो गई है.
पटना: शुक्रवार को जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के एक बयान के बाद बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया है. विपक्षी पार्टियों ने एनडीए समेत पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जदयू पर बयानों का बौछार कर दिया है. अब इस मामले में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सफाई दी है. शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान संजय झा ने कहा, उनका बयान आया है और इसके बाद उन्होंने अपने बयान पर सफाई भी दी है. सब कुछ प्रदेश पार्टी के संज्ञान में है और सब कुछ ध्यान में है. संजय झा ने दावा करते हुए कहा कि हमारी पार्टी के कैंडिडेट चुनाव जीतेंगे. एमएलसी चुनाव से पहले कई तरह की गतिविधियां देखने के लिए मिल रही हैं.
दरअसल मीडिया से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा था कि पार्टी हमको माने या न माने, हम मानते हैं. हमने पार्टी के लिए कुर्बानी दी है. हमने 9 लोगों की हत्या भी करवाई. अनंत सिंह के बयान के बाद बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया और बाद में उन्होंने फिर सफाई दी. अनंत सिंह ने बाद में कहा कि वह जब नीतीश कुमार के साथ आ गए तो लालू राज ने उनके 9 लोगों की हत्या कर दी गई और उन्होंने भी गोली खाई. बता दें कि मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव में अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करते हुए जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया है. उन्होंने खुल कर कहा जो मेरे विरोध में काम किया है मैं उसके समर्थन में काम नहीं कर सकता हूं.