पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला फूंका, कहा 'सत्ता से बाहर रहने पर बिगड़ने लगा है मानसिक संतुलन'

राजधानी पटना में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीएम मोदी के पिता के लिए आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग किया था.

पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला फूंका, कहा 'सत्ता से बाहर रहने पर बिगड़ने लगा है मानसिक संतुलन'

पटना: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता को लेकर अमर्यादित बयान के विरोध में भाजपा ने देश भर में विरोध प्रदर्शन किया. इसी कड़ी में राजधानी पटना में भी भाजपा ने विरोध मार्च किया और खड़गे का पुतला फूंका. भाजपा का विरोध मार्च पार्टी कार्यालय से निकल कर डाकबंगला चौराहा पहुंचा जहां कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका. इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता और नेताओं ने कांग्रेस के विरूद्ध जम कर नारेबाजी की. 

बची खुची कांग्रेस भी होगी खत्म

विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि अपशब्द बोल कर कांग्रेस ने अपनी खीज निकालने का प्रयास कर रही है. कल श्रीबाबू की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री के पिता जी के लिए अपशब्द बोलने के लिए मंच का उपयोग किया गया. लगातार मौत के सौदागर, बीच, प्रधानमंत्री की गरीबी की पृष्ठभूमि उजाड़ना इत्यादि गलत बातें बोली जाती है. प्रधानमंत्री एक वैश्विक नेता हैं, लेकिन उनकी माताजी और पिता जी जिनका दशकों पूर्व देहांत हो गया उनके लिए अपशब्द का प्रयोग बिहार और देश की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी. जो कुछ बचा खुचा है कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का अब वह भी खत्म हो जाएगा. खड़गे के बयान का जनता में काफी आक्रोश है जिसका वह सड़क पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं.

देश की जनता माफ नहीं करेगी

वहीं दीघा के विधायक संजीव चौरसिया ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के तरफ से जिस तरह प्रधानमंत्री के विरुद्ध अपशब्द का बयानबाजी कर रहे हैं, उनके माता पिता के विरुद्ध अपशब्द बोल रहे हैं लगता है कांग्रेस अब गाली देने वाली पार्टी बन गई है. वहीं भाजपा नेता ने कहा कि यह कांग्रेसी जो लगातार 12 वर्षों से सत्ता से बाहर हैं अब उनका मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा है. अब वह मानसिक नक्सलवाद की तरफ अग्रसर हो गए हैं. राहुल गांधी हों या मल्लिकार्जुन खड़गे देश के विरुद्ध बयानबाजी करने से नहीं चूक रहे हैं. ये लोग भारत में श्रीलंका और बांग्लादेश की तरह अराजकता फैलाना चाहते हैं. बिहार का वैशाली लोकतंत्र की जननी है और यह देश में अराजकता नहीं फैलाने देगी. उन्हें अपनी करनी के माफी मांगनी होगी. देश की जनता उन्हें कभी आगे नहीं आने देगी और जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी.

बता दें कि रविवार को पटना में श्रीकृष्ण जयंती समारोह के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा आरएसएस पर जोरदार हमला किया. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा था कि वोट चोरी करने वाले सारे लोगों को जाना होगा, मोदी भी जाएगा. इसके बाद वहां बैठे एक व्यक्ति ने कहा कि मोदी कहीं नहीं जाएगा, जिसके बाद खड़गे ने आपा खो दिया और कहा कि मोदी का बाप भी जाएगा. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उक्त युवक की भी पिटाई कर दी.