पार्टी से बगावत अनंत को पड़ी भारी, विधायकी भी जाएगी, जदयू ने नीरज के विरोध के आरोप में पत्नी को भी बाहर निकाला
जदयू ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनकी पूर्व विधायक पत्नी नीलम सिंह को 6 वर्षों के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है. दोनों के ऊपर पार्टी विरोधी गतिविधियों में भाग लेने का आरोप है.
पटना: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनकी पूर्व विधायक पत्नी नीलम सिंह को 6 वर्षों के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है. दोनों के ऊपर पार्टी विरोधी गतिविधियों में भाग लेने का आरोप है. अनंत सिंह के ऊपर कार्रवाई से पहले शनिवार को ही जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने होमियोपैथिक इलाज और राजनीतिक करियर पर खतरे की बात कही थी. हालांकि नीरज कुमार ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया था लेकिन यह स्पष्ट था कि उनका इशारा अनंत सिंह की तरफ है. अब पार्टी ने अनंत सिंह के ऊपर कार्रवाई कर दी है.
उमेश कुशवाहा ने कहा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का हिस्सा बनने के आरोप में कार्रवाई की है. मामले में उमेश कुशवाहा ने कहा कि 'मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह के द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों, पार्टी के दिशा-निर्देशों की अवहेलना एवं अभी संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव में विरोधी दल के पक्ष में प्रचार करने तथा पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध प्रचार करने के कारण जद(यू) की उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द की जाती है. साथ ही उचित प्रावधानों के तहत विधानसभा अध्यक्ष से इनकी विधान सभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश भी की गई है. इसके साथ ही, पूर्व विधानसभा सदस्य नीलम देवी को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द करते हुए अगले 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.'
नीरज ने कहा था होगा इलाज
इससे पहले मीडिया से बात करते हुए नीरज कुमार ने कहा था कि एमएलसी चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने पार्टी के विरुद्ध काम किया है. मुझे ठीक से पूरी बात तो नहीं पता लेकिन यह सौ प्रतिशत निश्चित है कि पार्टी उन लोगों का राजनीतिक तबीयत खराब करेगी. नीरज कुमार ने अपने विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी लोगों का राजनीतिक भविष्य खराब हो सकता है. नीरज कुमार ने जदयू नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जनता के स्नेह को 'ऐतिहासिक' बताया और कहा कि चुनाव संपन्न हो गया है. चुनाव में हमारे कार्यकर्ताओं की जीत हुई है. नीतीश कुमार का संस्कार और जलवा, कार्यकर्ताओं का उनके प्रति स्नेह, इस वजह से इस चुनाव में रिकॉर्ड कायम कर दिया.
नीरज ने कहा था यह दुर्भाग्य
इसके साथ ही नीरज कुमार ने राजनीति के अपराधीकरण और बाहुबलियों के प्रभाव की भी आलोचना की थी और कहा था कि राजनीति का जो अपराधीकरण हुआ, लम्पटीकरण हुआ है, राजनैतिक विमर्श में अपराधियों की पहचान बन जाना, ये राजनीति का दुर्भाग्यजनक पक्ष था. उसके खिलाफ बौद्धिक जनादेश हुआ है. हम समझते हैं इसका आने वाले समय में राजनीति पर गहरा असर पड़ेगा.
अनंत लगातार जन सुराज प्रत्याशी का कर रहे समर्थन
बता दें कि विधान परिषद के पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार थे बावजूद इसके पार्टी के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने उनका विरोध किया और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था. अनंत सिंह का कहना था कि नीरज कुमार ने विधान सभा चुनाव के दौरान मेरा विरोध किया तथा हराने की भी कोशिश की इसलिए अब हम उनका समर्थन नहीं कर सकते हैं. अनंत सिंह मतदान के बाद भी अनुज सिंह की जीत का दावा कर रहे हैं और अब उन्होंने अपने आवास पर रसगुल्ला बनाना भी शुरू कर दिया है.