एमएलसी चुनाव परिणाम से पहले अनंत सिंह बनवा रहे मिठाई, कहा जनता भगवान है, आने वाले को खिलाएंगे

जदयू से मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एमएलसी चुनाव के दौरान अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार का विरोध करते हुए लगातार जन सुराज प्रत्याशी का समर्थन करते रहे. अब मतदान खत्म होते ही उन्होंने मिठाई बनवाना शुरू कर दिया है

एमएलसी चुनाव परिणाम से पहले अनंत सिंह बनवा रहे मिठाई, कहा जनता भगवान है, आने वाले को खिलाएंगे

पटना: बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन की 8 सीटों पर गुरुवार को मतदान संपन्न हुआ और अब परिणाम 27 अक्टूबर को आयेगा. चुनाव परिणाम से पहले ही मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपने आवास पर मिठाई बनवाना शुरू कर दिया है. जदयू विधायक अनंत सिंह लगातार जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत और अपनी पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार की हार का दावा कर रहे हैं. शनिवार को एक बार फिर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने मुझे कहा कि वोट और जीत किसी दुकान में नहीं मिलता है बल्कि वह मतदाता और जनता के आशीर्वाद से मिलता है.

अनंत सिंह ने कहा कि हमें यह पता है कि अनुज सिंह जीत रहे हैं. हमने उनका चुनाव प्रचार किया था तो परिणाम के बाद जो लोग मिलने आयेंगे उनको मिठाई खिलाने के लिए बनाया जा रहा है. अनंत सिंह ने नीरज कुमार के जीत के दावा पर कहा कि हम सब दिन जीतते ही आए हैं और इस बार भी जीतेंगे. कौन क्या कहता है इससे हमको मतलब नहीं है बल्कि हम इतना जानते हैं कि हमने उनका हवा निकाल दिया है. 

बता दें कि शुक्रवार को भी अनंत सिंह ने मतदान के बाद जीत का दावा किया था और नीरज कुमार पर जम कर हमले किए थे. वहीं पार्टी के संबंध में बात करने पर उन्होंने कहा कि मेरी लड़ाई सिर्फ नीरज कुमार से है, पार्टी मेरे लिए बढ़िया है. वहीं नीतीश कुमार को अनंत सिंह लगातार अपना गुरु बताते हैं और उनके निर्देशों पर काम करने की बात भी करते हैं.