अनंत सिंह की पत्नी के विरुद्ध जदयू की दूसरी कार्रवाई, छिन गया राज्यमंत्री का दर्जा
पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पहले जदयू ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पार्टी से बाहर किया और अब उनकी पत्नी के विरुद्ध दूसरी बड़ी कार्रवाई की है
पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पहले जदयू ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पार्टी से बाहर किया और अब उनकी पत्नी के विरुद्ध दूसरी बड़ी कार्रवाई की है
पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान पार्टी उम्मीदवार का विरोध करने और लगातार बयानबाजी के आरोप में जदयू ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को 6 वर्षों के लिए बाहर कर दिया है. जदयू ने अनंत सिंह की विधानसभा की सदस्यता रद्द करने के लिए अध्यक्ष से अनुशंसा की भी जानकारी दी है. अब अनंत सिंह की पत्नी के विरुद्ध एक और बड़ी कार्रवाई की गई है. पार्टी की अनुशंसा पर अनंत सिंह की पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी को 20 सूत्री सदस्य पद से हटा दिया गया है. इसके साथ ही उनकी राज्यमंत्री का दर्जा भी समाप्त हो गया. नीलम देवी को पार्टी से बाहर किए जाने और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता रद्द किए जाने के बाद यह दूसरी कार्रवाई है.
क्या है मामला
बता दें कि मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का लगातार विरोध करते हुए जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया. अनंत सिंह का आरोप था कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने मेरे विरुद्ध काम किया था इसलिए हम उनका समर्थन नहीं करेंगे. हालांकि अनंत सिंह ने पार्टी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सम्मान करने की बात करते रहे लेकिन बावजूद इसके पार्टी ने उनके ऊपर कार्रवाई की.
विधानसभा अध्यक्ष को नहीं मिला पत्र
इधर जदयू ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की विधायकी समाप्त करने की अनुशंसा करने की भी बात कही है. मामले में विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा ऐसा कोई पत्र उनके पास नहीं आया है. अगर अनुशंसा आती है तो उसकी समीक्षा की जाएगी और नियमानुसार निष्पक्षता के साथ निर्णय किया जाएगा.