पटना (PATNA) : बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान से पहले राजनीतिक माहौल और गरमा गया है. जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए की ओर से जारी किया गया पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अपील वाला वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है.
वैसा कोई बयान उन्होंने कभी नहीं दिया
प्रशांत किशोर ने कहा कि वीडियो में जो बातें नीतीश कुमार के नाम से दिखाई गई हैं, वैसा कोई बयान उन्होंने कभी नहीं दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में हार के डर से AI तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है. PK ने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि नीतीश कुमार किसी भी पत्रकार के सामने वही बयान दोहरा दें, जो वीडियो में दिखाया गया है तो जन सुराज चुनाव से दो दिन पहले ही अपनी दावेदारी वापस ले लेगा.
इस मामले की जांच कराने की मांग
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह मामला केवल एक वीडियो का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता का है. उन्होंने चुनाव आयोग से भी इस मामले की जांच कराने की मांग की.
जनता दल यूनाइटेड ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
वहीं, प्रशांत किशोर के आरोपों पर जनता दल यूनाइटेड ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि प्रशांत किशोर हमेशा झूठ बोलते रहे हैं और इस बार भी बिना किसी सबूत के भाजपा और एनडीए पर आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और चुनाव में इसका जवाब भी देगी.
राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बना
बांकीपुर उपचुनाव से पहले AI वीडियो को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है. एक ओर प्रशांत किशोर वीडियो को फर्जी बताकर भाजपा पर निशाना साध रहे हैं तो दूसरी ओर जदयू उनके आरोपों को बेबुनियाद बता रही है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि भाजपा इस चुनौती और आरोपों पर क्या जवाब देती है.

