पटना (PATNA):बिहार की राजधानी पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी बंगले को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. इस मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध और मानसिक प्रताड़ना बताया है.राष्ट्रीय जनता दल के प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर निशाना साधा उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है और उनके साथ मानसिक रूप से प्रताड़ना जैसा व्यवहार किया जा रहा है.
राजद ने सरकार पर लगाए ये गंभीर आरोप
सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि सरकार चुनिंदा लोगों को बंगले और आवास देने के मामले में दोहरा रवैया अपना रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि कई बड़े नेताओं और अन्य लोगों को आवास आवंटित किए गए है, लेकिन राबड़ी देवी के मामले में अलग नीति क्यों अपनाई जा रही है उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में यह मुद्दा और बड़ा रूप ले सकता है तथा पार्टी इसको लेकर आंदोलन करने पर भी विचार कर रही है. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर यह मामला कोर्ट तक भी ले जाया जा सकता है.
सत्ता किसी की बपौती नहीं होती
अब्दुल बारी सिद्दीकी ने यह भी कहा कि सत्ता किसी की बपौती नहीं होती, लेकिन कुछ लोग इसे अपनी निजी संपत्ति समझ बैठे है उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजनीतिक ताकत के सहारे विपक्ष को टारगेट किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है.वहीं राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी इस पूरे मामले में कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है और जल्द ही आगे की रणनीति तय की जाएगी.इस विवाद के बाद बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है.