अनंत सिंह के निष्कासन के बाद सियासी गलियारे में हलचल हुई तेज, नीतीश ने निशांत, विजय के साथ की बैठक

पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में शनिवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी को 6 वर्षों के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है. इसके बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. नीतीश कुमार खुद सक्रिय हैं और नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं.

अनंत सिंह के निष्कासन के बाद सियासी गलियारे में हलचल हुई तेज, नीतीश ने निशांत, विजय के साथ की बैठक

पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने के बाद सियासत गलियारे में हलचल तेज हो गई है. पार्टी सुप्रीमो नीतीश कुमार भी हरकत में दिख रहे हैं तो दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने सीएम सम्राट से मुलाकात की. अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने के पहले भी नीतीश कुमार ने पार्टी के वरीय नेता के साथ बैठक की थी वहीं रविवार को एक बार फिर नीतीश ने अपने बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार तथा अपने सबसे करीबी बिहार सरकार में उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी के साथ बैठक की.

नीतीश रात में मिले ललन से, सुबह विजय चौधरी से की मुलाकात

रविवार की सुबह स्वास्थ्य मंत्री निशांत तथा उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे जहां उनके बीच एक बैठक हुई. बैठक के दौरान एमएलसी ललन सर्राफ भी मौजूद थे. हालांकि बैठक में क्या बातचीत हुई अभी यह खबर बाहर नहीं आई है. लेकिन माना जा रहा है कि अनंत सिंह को जदयू से बाहर किए जाने पर मंथन जारी है. दूसरी तरफ जानकारी मिल रही है कि जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मुलाकात की है. इससे पहले शनिवार की देर रात पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद ही ललन सिंह के आवास पर पहुंच कर उनसे मुलाकात की थी. हालांकि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने के बाद राज्य की सियासत किस तरफ करवट लेती है.

अनंत ने कहा नीतीश निशांत का अब भी सम्मान

पार्टी से निष्कासन के बाद भी बाहुबली नेता अनंत सिंह ने नीतीश कुमार और निशांत कुमार का सम्मान करने की बात कही है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी है, जो मन में आए कर रहे हैं. अनंत सिंह ने एक बार फिर इशारों में नीतीश के करीबी नेताओं पर मनमानी का आरोप लगाया और कहा कि नीतीश कुमार कुछ कर नहीं पा रहे हैं और उनके आसपास रहने वाले नेता अपनी मनमानी कर रहे हैं. अनंत ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक नीतीश हैं तब तक पार्टी है. उनके खत्म होने के बाद पार्टी भी खत्म हो जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कोई गम नहीं है. अनंत सिंह ने कहा कि, जो कार्रवाई किया है वो बढ़िया किया है. हमको कोई दिक्कत नहीं है. पार्टी नीतीश जी का था. नीतीश जी खुद रहे है तो पार्टी में कौन योगदान मिला. उन्होंने कहा कि उन्हें जिसने पार्टी से निकाला है उसमें कोई दम नहीं है. नीतीश जी का पार्टी था. नीतीश जी खत्म हो गए, पार्टी भी खत्म हो गया.

अभी भी चल रही जश्न की तैयारी

बता दें कि विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करते हुए जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया और चुनाव प्रचार भी करते रहे. अनंत सिंह के ऊपर इसी बात के आधार पर कार्रवाई की गई है. मतदान संपन्न होने के बाद अनंत सिंह के आवास पर जश्न की तैयारी चल रही है. उनका कहना है कि आज तक हम नहीं हारे हैं और इस बार भी वही उम्मीदवार जीतेगा जिसका मैंने समर्थन किया है. जदयू की कार्रवाई के बावजूद उनके आवास पर रसगुल्ला बनाया जा रहा है वहीं पार्टी की घोषणा के बाद देर रात अनंत सिंह के आवास पर आतिशबाजी भी की गई थी.