गांजा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा : 100 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, 3 लग्जरी गाड़ियां जब्त

गांजा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा : 100 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, 3 लग्जरी गाड़ियां जब्त

बाढ़ (BIHAR) : अनुमंडल के मोकामा प्रखंड स्थित हाथीदह थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस दौरान पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन लग्जरी कारों को भी जब्त किया है.

तीन कारों से गांजे की बड़ी खेप बरामद

यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर विशिष्ट आसूचना इकाई (SIU) पटना और हाथीदह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की. पुलिस ने हाथीदह थाना क्षेत्र के आउंटा गोलंबर से राजेंद्र सेतु की ओर जाने वाली हाथीदह बाईपास पर वाहनों की जांच के दौरान तीन कारों से गांजे की बड़ी खेप बरामद की. जब्त वाहनों में एक काले रंग की थार (BR 01FE2525), एक सफेद स्विफ्ट डिजायर (BR 09AP6526) और एक सफेद अर्टिगा (BR 09AY3850) शामिल हैं.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के गंगोली निवासी चंदन कुमार, खोकसा निवासी विकास कुमार, माधोपुर निवासी लालबाबू कुमार, शाकमोहन निवासी राजकुमार तथा नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के दुलारूवे बिगहा निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है.

पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और गांजा व वाहनों को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

पूरे तस्करी नेटवर्क और इसके सरगनाओं पर है पुलिस की नजर

इस मामले में एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि यह सफलता विशिष्ट आसूचना इकाई (SIU) और हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त अभियान का परिणाम है. उन्होंने कहा कि वरिय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की नजर केवल छोटे तस्करों पर नहीं, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क और इसके सरगनाओं पर है. इसी अभियान के तहत हाल ही में मोकामा थाना क्षेत्र से भी करीब चार क्विंटल गांजा बरामद किया गया था.

आगे भी तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी

एसडीपीओ ने कहा कि यदि पुलिस मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने में सफल हो जाती है, तो गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर स्वतः अंकुश लग जाएगा. उन्होंने भरोसा जताया कि आगे भी तस्करी के खिलाफ इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.