स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के बाद PMCH प्राचार्य पर गिरी गाज, पद से हटाए गए डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह 

स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के बाद PMCH प्राचार्य पर गिरी गाज, पद से हटाए गए डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह

पटना (PATNA):बिहार के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार निशांत कुमार पटना के पीएमसीएच पहुंचे.उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई गड़बड़ियां भी सामने आई. स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार औचक निरीक्षण के लिए पीएमसीएच पहुंचे थे. जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह अस्पताल में मौजूद नहीं थे.आरोप है कि वे सरकारी कार्यक्रम के समय बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित थे और स्वास्थ्य मंत्री का फोन भी नहीं उठा रहे थे.

 पद से हटाए गए डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह 

निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने के बाद डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) के प्राचार्य पद से हटा दिया गया है.वहीं, उनकी जगह सरकार ने डॉ. गीता सिन्हा को पीएमसीएच का नया प्राचार्य नियुक्त किया है.सरकार की ओर से इसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. इस कार्रवाई के बाद पीएमसीएच में नियमों की अनदेखी करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है.

बुधवार को अचानक पीएमसीएच पहुंचे थे निशांत कुमार

आपको बता दें कि बुधवार को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अचानक पीएमसीएच के निरीक्षण पर पहुंचे थे, जहां कई गड़बड़ियां पाई गई थीं और अस्पताल की व्यवस्था का बुरा हाल देखने को मिला था. इसके बाद सरकार की ओर से यह बड़ी कार्रवाई की गई है. निरीक्षण के दौरान कई मरीजों के परिजन मंत्री के पास पहुंचे और अपनी-अपनी शिकायतें बताई.वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान निशांत कुमार ने कहा था कि गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिस पर अब अमल भी किया गया है.