पीएम आज नीतीश सेतु और औद्योगिक पार्क का करेंगे शुभारंभ, 21 विभागों के 103 अन्य परियोजनाओं की भी सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैशाली पहुंचेंगे. पीएम के दौरे को लेकर एनडीए और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की है. पीएम के कार्यक्रम में कम से कम एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है
वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैशाली पहुंचेंगे. पीएम के दौरे को लेकर एनडीए और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की है. प्रधानमंत्री का कार्यक्रम वैशाली के राजापाकड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत जंदाहा - राजापाकड़ - महुआ औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है. यहां से पीएम बिहार को नीतीश सेतु समेत करोड़ों के परियोजनाओं की सौगात देंगे. पीएम के कार्यक्रम में कम से कम एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है. पीएम के कार्यक्रम और लोगों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया है. इसके साथ ही आने वाले लोगों की सुविधाओं का भी खास ख्याल रखा गया है.

60 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी नीतीश सेतु और 1243 एकड़ के जंदाहा - राजापाकड़ - महुआ औद्योगिक क्षेत्र समेत करीब 60 हजार करोड़ के विकास योजनाओं की शुरुआत और उद्घाटन करेंगे. पीएम मोदी के बिहार दौरा को एनडीए विकास की दिशा में मील का पत्थर बता रही है. एक जानकारी के अनुसार पीएम मोदी 21 विभागों की 103 योजनाएं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

1 बजे के करीब पहुंचेंगे नीतीश सेतु पर
एक जानकारी के अनुसार पीएम मोदी सबसे पहले सवा 1 बजे के करीब रुस्तमपुर पहुंचेंगे, जहां से नीतीश सेतु का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद सड़क मार्ग से वह पुल पार करेंगे तथा जाफरपट्टी स्थित सभा स्थल पहुंचेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री खुले वाहन से लोगों के बीच से गुजरकर उनका अभिवादन स्वीकार करेंगे. इसके बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं 20 हजार सुरक्षाकर्मी
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पटना से लेकर वैशाली तक सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर रखा गया है. इसके साथ ही करीब 20 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. मंच, हैलीपैड और आसपास के इलाकों की निगरानी एसपीजी कर रही है जबकि अन्य जगहों के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है. कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए 100 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) लगाए गए हैं. वहीं, गंगा नदी में एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
गांधी सेतु और नीतीश सेतु पर भारी वाहनों का परिचालन बंद
पीएम के दौरे को देखते हुए पटना और वैशाली के साथ ही आसपास के जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त की गई है, साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. कच्ची दरगाह - बिदुपुर सिक्स लेन पुल पर भारी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश बीती रात से बंद कर दिया गया है. इसके साथ ही गांधी सेतु पर भी शनिवार की सुबह ट्रकों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है.
