सोनपुर मेला घूमने का है प्लान, लेकिन जाने की चिंता सता रही है ? टेंशन छोड़िए, पर्यटन विकास निगम ने कर दी है पूरी व्यवस्था!
सोनपुर मेला घूमने का बना रहे हैं प्लान? 900 रुपये से शुरू है टूर पैकेज. वही दो लोगों के लिए 6 हजार रुपये का विशेष कपल पैकेज भी उपलब्ध कराया जा रहा है.पटना से सोनपुर आने-जाने के लिए एसी बस से लेकर लग्जरी कार तक की सुविधा, भोजन और टूरिस्ट गाइड भी पैकेज में शामिल
पटना: बिहार के सारण जिलांतर्गत सोनपुर में विश्व विख्यात मेला शुरू हो गया है. विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने विशेष टूर पैकेज तैयार किए है. इस बार पर्यटक अपने बजट और जरूरत के अनुसार एसी बस से लेकर लग्जरी कार तक से सोनपुर मेले का भ्रमण कर सकेंगे. पटना से सोनपुर आने-जाने के लिए टूर पैकेज की शुरुआत 900 रुपये प्रति व्यक्ति से हो रही है. वही दो लोगों के लिए छह हजार रुपये का विशेष कपल पैकेज भी उपलब्ध कराया जा रहा है.
पर्यटन निगम की ओर से पटना के दो स्थानों से सोनपुर के लिए वाहनों का परिचालन किया जा रहा है. इसमें वीरचंद पटेल पथ स्थित कौटिल्य विहार होटल और दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन शामिल हैं. इन दोनों स्थानों से रोजाना दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक सोनपुर के लिए वाहन मिलेंगे.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 22 नवंबर को हरिहर मेला का उद्घाटन किया था. इस दौरान उन्होंने यहां हर वर्ष आने वाले लाखों पर्यटकों को इस बार कुछ अलग और उत्कृष्ट सहूलियत प्रदान करने के साथ ही इस ऐतिहासिक मेला में नए तरह के अनुभव की बात खासतौर से कही थी. इसके मद्देनजर इस वर्ष मेला में तमाम मूलभूत सुविधाओं के साथ ही इसमें सुरक्षा से लेकर सभी जरूरी सुविधाओं का खासतौर से ध्यान रखा गया है. पर्यटकों के लिए अन्य वर्षों की तुलना में अलग टूरिस्ट पैकेज तैयार किए गए हैं. ताकि मेला आने वालों को यह पहले से अधिक मनमोहक लगे और इसके प्रति लोगों का आकर्षण बढ़े.
वाहनों के अनुसार निर्धारित किया गया किराया
पर्यटकों की सुविधा के लिए अलग-अलग श्रेणी के वाहनों का किराया तय किया गया है. एसी बस, डबल डेकर बस और विंगर से आने-जाने के लिए प्रति व्यक्ति 900 रुपये देने होंगे. वही एसी ट्रैवलर का किराया 950 रुपये, इनोवा का 1100 रुपये और इटियोस का 1300 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है. इससे पर्यटक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार वाहन का चयन कर सकेंगे.
कपल पैकेज में भोजन और ठहरने की सुविधा
पर्यटन निगम की ओर से दो लोगों के लिए छह हजार रुपये का विशेष कपल टूर पैकेज भी तैयार किया गया है. इसमें इटियोस एसी वाहन से यात्रा और भ्रमण, होटल में ठहरने तथा टूरिस्ट गाइड की सुविधा शामिल है. इसके अलावा ब्रेकफास्ट, लंच, शाम का स्नैक्स और डिनर भी पैकेज का हिस्सा होगा. इस पैकज के जरिए पर्यटकों को यात्रा, भोजन और ठहरने के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी.
वेबसाइट और फोन से मिलेगी जानकारी
टूर पैकेज की बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते है. इसके अलावा 8544418314 पर फोन कर पैकेज, किराये और उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की जा सकती है.