शारीरिक कमी को नहीं बनने दी कमजोरी, अब सरकार ने दिव्यांग राधा के हौसले को दी नई उड़ान

दोनों पैरों से लाचार, पर हौसले की ऊंची उड़ान, जोमैटो में फूड डिलीवरी करने वाली पटना की राधा को उद्यमी योजना ने दी नई पहचान. 1 साल की उम्र में हो गया था पोलियो, फिर भी ग्रेजुएशन कर जोमैटो में काम किया और उठाया परिवार का खर्च.

शारीरिक कमी को नहीं बनने दी कमजोरी, अब सरकार ने दिव्यांग राधा के हौसले को दी नई उड़ान

पटना: ​कहते हैं कि अगर इंसान के इरादे फौलादी हों, तो शारीरिक कमियां कभी उसकी उड़ान नहीं रोक सकतीं. पटना जिले की रहने वाली राधा कुमारी ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है. दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद राधा ने कभी अपनी किस्मत को नहीं कोसा और न ही कभी किसी के आगे हाथ फैलाया. परिवार का पेट पालने के लिए उन्होंने जोमैटो में फूड डिलीवरी का काम किया और अब वह अपने दम पर खुद का बिजनेस शुरू करने जा रही हैं.

*एक साल की उम्र में पोलियो, पर नहीं हारी हिम्मत

राधा कुमारी का जीवन शुरुआत से ही संघर्षों से भरा रहा. वह बताती हैं कि जन्म के एक साल बाद ही मुझे पोलियो हो गया था, जिससे मैं दोनों पैरों से दिव्यांग हो गई. राधा ने अपनी इस शारीरिक लाचारी को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. जब परिवार चलाने की जिम्मेदारी आई, तो राधा ने बिना किसी झिझक के जोमैटो में फूड डिलीवरी का काम शुरू कर दिया. पटना की सड़कों पर फूड डिलीवरी करते हुए वह अपने घर का भरण-पोषण करने लगीं.

​उद्यमी योजना से मिली खुद का बिजनेस करने की उम्मीद

डिलीवरी का काम करते हुए राधा के मन में अक्सर यह ख्याल आता था कि अपना खुद का कोई रोजगार शुरू करें, ताकि जीवन की कठिनाइयां थोड़ी कम हो सकें. ​इसी बीच उनके लिए एक बड़ी खुशखबरी आई। राधा ने कहा कि मुझे पता चला कि 'उद्यमी योजना' के तहत सरकार ने 2025-26 में हम जैसे दिव्यांगों के लिए भी जगह बनाई है और हमें सूची में शामिल किया गया है. मैंने इसके बारे में जानकारी ली और अप्लाई कर दिया. राधा की किस्मत और उनकी मेहनत रंग लाई और इस योजना में उनका चयन हो गया.

​सीएम के हाथों मिला 2 लाख का चेक, अब दूसरों को देंगी रोजगार

योजना में चयन होने के बाद राधा की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने बताया कि मुझे मेरा पहला किस्त माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों 2 लाख रुपये के चेक के रूप में मिला. मैं बहुत खुश हूं कि अब मैं अपना खुद का रोजगार बहुत अच्छे से कर पाऊंगी. ​राधा सिर्फ अपने लिए ही नहीं, बल्कि समाज के लिए भी एक बड़ी मिसाल पेश कर रही हैं. उनका लक्ष्य है कि वे अपने इस नए रोजगार से अन्य दिव्यांग भाई-बहनों को भी जोड़ें और उन्हें आगे बढ़ाएं. ​इस नई शुरुआत और दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के इस शानदार अवसर के लिए राधा कुमारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का दिल से आभार व्यक्त किया है. राधा की यह कहानी बताती है कि सरकार की एक अच्छी योजना कैसे किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की नई रोशनी भर सकती है.