छठ में आना है बिहार, सरकार ने सस्ते किराए में कर दी 200 बसों की व्यवस्था, देखें रूट और किराया

अब दिवाली में महज एक सप्ताह ही बाकी और दूसरे राज्यों से बिहार आने वाले लोगों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है. रेलवे ने विशेष ट्रेनें जरूर चलाई लेकिन उसमें भी अब सीट की मारामारी चल रही है.

छठ में आना है बिहार, सरकार ने सस्ते किराए में कर दी 200 बसों की व्यवस्था, देखें रूट और किराया

पटना: अब दिवाली में महज एक सप्ताह ही बाकी और दूसरे राज्यों से बिहार आने वाले लोगों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है. रेलवे ने विशेष ट्रेनें जरूर चलाई लेकिन उसमें भी अब सीट की मारामारी चल रही है. अब दिवाली और छठ में बिहार आने वाले लोगों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने बड़ी सुविधा देने की तैयारी की है. इसके लिए निगम ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड से बिहार आने के लिए 200 एसी और नॉन एसी बसें चलाने की तैयारी की है. इन बसों में सरकार किराया में बड़ी छूट भी दे रही है. सभी बसों का परिचालन5 नवंबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा. इन बसों की बुकिंग निगम के वेबसाइट पर 1 नवंबर से शुरू हो गया है.

इन रूटों पर चलेंगी बस

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम लिमिटेड ने पटना से दिल्ली के लिए 13, हरियाणा के लिए 7, झारखंड के लिए 4 बसें, मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए 34, गया से दिल्ली के लिए 10 बसें चलेंगी. इसके साथ ही गया से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लिए 2-2 तथा झारखंड के लिए 6 बसें चलाई जाएंगी. पूर्णिया से दिल्ली के लिए 12 और हरियाणा के लिए 18 बसें चलेंगी. दरभंगा से दिल्ली के लिए 6 और हरियाणा के लिए 22 बसों का संचालन होगा. निगम की ओर से दूसरे प्रमुख रूटों पर भी बसें चलाई जाएंगी.

ट्रेन से भी सस्ती होगी बस की यात्रा

पटना से दिल्ली के लिए नॉन एसी सीटर बस का किराया 1182 रुपये रखा गया है. नॉन एसी स्लीपर के लिए 1483 रुपये देने होंगे. एसी सीटर का किराया 1318 रुपये और एसी स्लीपर का किराया 1935 रुपये तय किया गया है. ये किराये छूट के बाद के हैं. मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने पर नॉन एसी सीटर का किराया 1074 रुपये, नॉन एसी स्लीपर का 1352 रुपये, एसी सीटर का 1195 रुपये और एसी स्लीपर का 1767 रुपये होगा. गया जी से दिल्ली के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1139 रुपये और स्लीपर का 1426 रुपये है. एसी सीटर के लिए 1272 रुपये और एसी स्लीपर के लिए 1861 रुपये देने होंगे. दरभंगा से दिल्ली जाने वाली बसों में नॉन एसी सीटर का किराया 1165 रुपये, स्लीपर का 1461 रुपये, एसी सीटर का 1201 रुपये और एसी स्लीपर का 1908 रुपये निर्धारित किया गया है. पूर्णिया से दिल्ली के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1486 रुपये, स्लीपर का 1842 रुपये, एसी सीटर का 1668 रुपये और एसी स्लीपर का 2398 रुपये होगा. हरियाणा जाने वाले यात्रियों के लिए भी बसों का किराया तय कर दिया गया है. पटना से अंबाला तक नॉन एसी सीटर का किराया 1303 रुपये और एसी स्लीपर का 2134 रुपये होगा.

पटना से गुरुग्राम जाने पर नॉन एसी सीटर के लिए 1193 रुपये और एसी स्लीपर के लिए 1948 रुपये देने होंगे. वहीं, गया जी से अंबाला का किराया नॉन एसी सीटर में 1242 रुपये और एसी स्लीपर में 2043 रुपये रखा गया है. झारखंड के लिए पटना से गुमला जाने वाली नॉन एसी सीटर बस का किराया 502 रुपये और एसी स्लीपर का 800 रुपये होगा. आरा से रांची के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 474 रुपये और एसी स्लीपर का 655 रुपये तय किया गया है. पश्चिम बंगाल के लिए पटना से कोलकाता तक नॉन एसी सीटर का किराया 839 रुपये और एसी स्लीपर का 1276 रुपये है. गया जी से कोलकाता जाने पर नॉन एसी सीटर का किराया 736 रुपये और एसी स्लीपर का 1115 रुपये होगा. उत्तर प्रदेश के लिए पटना से गाजियाबाद तक नॉन एसी सीटर का किराया 1120 रुपये और एसी स्लीपर का 1854 रुपये निर्धारित किया गया है. निगम के किराये के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा छूट एसी स्लीपर बसों में दी जा रही है.

सुपौल से दिल्ली जाने वाली एसी स्लीपर बस का सामान्य किराया 3030 रुपये है, जिस पर 1000 रुपये की छूट मिल रही है. लौकहा से दिल्ली के लिए एसी स्लीपर का सामान्य किराया 3077 रुपये है. इस रूट पर 1028 रुपये की छूट दी जा रही है. भागलपुर से अंबाला जाने वाली बस के सामान्य किराये 3603 रुपये पर 1113 रुपये की छूट है. पूर्णिया-अंबाला रूट पर 3462 रुपये के किराये में 1103 रुपये और मधुबनी-अंबाला रूट पर 3257 रुपये के किराये में 1092 रुपये की छूट मिल रही है. परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को कम किराये में सफर का विकल्प देने के लिए यह व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी परिवहन विभाग यात्रियों को सुरक्षित और आसान सफर की सुविधा दे रहा है. मंत्री के मुताबिक, एसी सीटर और एसी स्लीपर बसों के टिकट पर 30 प्रतिशत से ज्यादा सब्सिडी दी जा रही है. त्योहार स्पेशल बसों में सफर के लिए यात्री बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं. वेबसाइट: https://bsrtc.bihar.gov.in/