नीट परीक्षा के लिए पटना पुलिस अलर्ट, छात्रों के लिए बनाए गए नए ट्रैफिक नियम

नीट परीक्षा के लिए पटना पुलिस अलर्ट, छात्रों के लिए बनाए गए नए ट्रैफिक नियम

पटना (PATNA) : NEET-2026 परीक्षा को लेकर पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. 21 जून को होने वाली परीक्षा के शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. साथ ही अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाने के लिए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है.

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल आयोजन को लेकर पटना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है. वहीं अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाने और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है.

पटना पुलिस के अनुसार, बापू परीक्षा परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने के लिए कई मार्गों पर भारी और व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है. साथ ही आवश्यक पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है.

विशेष ट्रैफिक प्लान के तहत धनकी मोड़ से पटना शहर की ओर आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा अब जीरो माइल, न्यू बाईपास और भूतनाथ रोड होते हुए ओल्ड बाईपास की ओर संचालित किए जाएंगे. वहीं धनकी मोड़ और करबिगहिया की ओर से आने वाले बस, पिकअप तथा अन्य भारी मालवाहक वाहन न्यू बाईपास और मीठापुर मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.

मोइनुल हक स्टेडियम और बहादुरपुर क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. स्टेडियम की ओर से आने वाली बसों और मालवाहक वाहनों को बहादुरपुर आरओबी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे वाहनों को वैशाली गोलंबर, राजेंद्र नगर पुल और 90 फीट रोड के वैकल्पिक मार्ग से गुजरना होगा. इसके अलावा जीपीओ से चिरैयाटांड़ पुल की ओर बसों और भारी वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी.

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से समय से पहले परीक्षा केंद्र के लिए निकलने तथा निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की है. उन्होंने आम नागरिकों और वाहन चालकों से भी सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि पटना पुलिस NEET-2026 के सुरक्षित और सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.