पैरा एथलीटों का बढ़ा मान,CM सम्राट ने किया सम्मानित,सोमेन राणा को 30 लाख, झंडू कुमार को 15 लाख का दिया चेक
खेल दिवस के मौके पर बिहार के दो पैरा एथलीट खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राष्ट्रमंडल खेल-2026 में पदक जीतने वाले सोमेन राणा और झंडू कुमार को सम्मानित किया.
पटना:राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर बिहार के दो पैरा एथलीट खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राष्ट्रमंडल खेल-2026 में पदक जीतने वाले सोमेन राणा और झंडू कुमार को सम्मानित किया.

राष्ट्रमंडल खेल-2026 में पुरुष F57 शॉट पुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पैरा एथलीट सोमेन राणा को मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया. वहीं पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतने वाले झंडू कुमार को 15 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई.
मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर राष्ट्रमंडल खेलों के अनुभव भी जाने और उनकी उपलब्धियों पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
खिलाड़ियों ने बिहार का नाम किया रोशन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सोमेन राणा और झंडू कुमार ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का गौरव बढ़ाया है, बल्कि बिहार को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को सम्मानित करना पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहे बिहार के खिलाड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों की उपलब्धियां राज्य के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए पदक जीतने की प्रेरणा देती हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और सम्मान दिया जाएगा, ताकि वे बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकें.

समारोह में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रण शंकरन, कोच गौतम सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.