नीतीश सेतु नाम रखने पर विपक्ष हमलावर, भाजपा ने बताया सम्मान, निशांत और संजय झा ने...

शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर आए और उन्होंने करीब 34 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.

नीतीश सेतु नाम रखने पर विपक्ष हमलावर, भाजपा ने बताया सम्मान, निशांत और संजय झा ने...

पटना: शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर आए और उन्होंने करीब 34 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. पीएम मोदी के द्वारा शिलान्यास और उद्घाटन किए गए सारी योजनाओं में सबसे अधिक चर्चा में है नीतीश सेतु. चर्चा में रहने की वजह है कि पहले मुख्यमंत्री सम्राट ने कच्ची दरगाह - बिदुपुर पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री के नाम रखा और उसके बाद इस पुल के निर्माण का श्रेय लेने की होड़ लग गई. राजद सुप्रीमो लालू यादव के दोनों बेटे और बेटी रोहिणी ने पुल का नाम नीतीश रखने पर आपत्ति जताई और फिर पूरा विपक्ष सरकार पर हमलावार हो गया. हालांकि पीएम मोदी ने शनिवार को पुल का लोकार्पण कर दिया.

कच्ची दरगाह - बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अपने पिता के 20 साल के काम और बिहार की सेवा का प्रतीक बताया. वहीं नीतीश सेतु नाम रखे जाने पर सवाल करने को लेकर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी हमला बोला. स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने करीब 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है. इस दौरान विकास और जनहित के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए गए. निशांत ने कहा कि नीतीश सेतु नाम मेरे पिता के समर्पण, प्रतिबद्धता और बिहार के विकास के लिए किए गए प्रयासों को दर्शाता है.

वहीं दूसरी तरफ जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसे गौरवपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नामकरण पर आपत्ति है, उनका विकास से कोई लेना-देना नहीं है. नीतीश कुमार के प्रयासों से बिहार में बुनियादी ढांचे का बड़े स्तर पर विकास हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार के नाम पर पुल का उद्घाटन कर उनके प्रति सम्मान और आपसी रिश्तों को और मजबूत किया है. संजय झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के संबंधों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी नीतीश कुमार से मिलते हैं, उनके कामों की प्रशंसा करते हैं. संजय झा के मुताबिक, पीएम मोदी नीतीश कुमार को देश का आखिरी समाजवादी नेता बताते हैं.

बता दें कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल बिहार की बड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है. इसके निर्माण पर करीब 4,988.40 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. गंगा नदी पर बने पुल की मुख्य लंबाई 9.76 किलोमीटर है. संपर्क पथ को मिलाकर पूरी परियोजना 19.76 किलोमीटर लंबी है.