अयोध्या से ट्रेन में सवार हो कर सीधे जा सकेंगे नेपाल के जनकपुर धाम, CM सम्राट ने केंद्र सरकार को कहा 'धन्यवाद'
जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति जताया आभार. जनकपुरधाम और अयोध्या भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की आस्था से जुड़े दो महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं. इन दोनों के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी.
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनकपुरधाम (नेपाल) से अयोध्या कैंट के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15595/15596 के परिचालन को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकपुरधाम और अयोध्या का भारत एवं नेपाल के करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से गहरा संबंध है. जनकपुरधाम माता जानकी की जन्मस्थली तथा अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मस्थली के रूप में विश्वभर में श्रद्धा का केंद्र है.
सीएम ने कहा कि इन दोनों महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी. यह निर्णय भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगा, इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क और संवाद के नए अवसर सृजित होंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में रेल अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है. बिहार की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने तथा आम लोगों को आधुनिक एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है.