टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार सरकार राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने और लोगों को नई सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है. इसी कड़ी में सरकार ने एक नई और महत्वाकांक्षी पहल की है.जहां बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026 के तहत अब राजधानी पटना में हेलीकॉप्टर जॉयराइड की सुविधा शुरू होने जा रही है. इस योजना का शुभारंभ शनिवार दोपहर 3:00 बजे स्टेट हैंगर, पटना से बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे.योजना के शुरू होने के बाद पर्यटकों के साथ-साथ आम लोगों को भी राजधानी पटना को आसमान से देखने का अनोखा अनुभव मिलेगा. हेलीकॉप्टर जॉयराइड के जरिए लोग शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक इमारतों, गंगा नदी, पुलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का हवाई दृश्य देख सकेंगे. अब तक इस तरह की सुविधा केवल कुछ चुनिंदा राज्यों में उपलब्ध थी, लेकिन अब बिहार भी इस दिशा में एक नई शुरुआत करने जा रहा है.
पर्यटकों को मिलेगा अलग और यादगार अनुभव
इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बिहार आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को एक अलग और यादगार अनुभव मिलेगा. इससे राज्य की पर्यटन छवि मजबूत होगी और अधिक से अधिक पर्यटक बिहार घूमने के लिए आकर्षित होंगे. पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल, ट्रैवल एजेंसी, टैक्सी, स्थानीय बाजार, हस्तशिल्प और खान-पान से जुड़े व्यवसायों को भी सीधा लाभ मिलेगा. इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.वहीं, बिहार के लोगों को भी कम खर्च में हेलीकॉप्टर की सैर करने का अवसर मिलेगा. जो लोग अब तक केवल फिल्मों या बड़े शहरों में हेलीकॉप्टर जॉयराइड देखते थे, वे अब अपने ही राज्य में इस सुविधा का आनंद उठा सकेंगे. यह योजना एडवेंचर टूरिज्म को भी बढ़ावा देगी और युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनेगी.
राज्य के पर्यटन क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी साबित
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026 राज्य के पर्यटन क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत साबित होगी. उन्होंने कहा कि बिहार में पहली बार इस तरह की सुविधा शुरू की जा रही है, जिससे लोगों को सुरक्षित, रोमांचक और यादगार हवाई यात्रा का अनुभव मिलेगा. साथ ही बिहार के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी. सरकार का उद्देश्य राज्य को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़ना और बिहार की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत को दुनिया के सामने बेहतर तरीके से प्रस्तुत करना है. इस योजना से आने वाले समय में बिहार पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद है.

