पटना: देश भर में दूसरी डेयरी कंपनियों के द्वारा दूध और अन्य उत्पाद का दाम बढ़ाए जाने के बाद अब बिहार की सुधा दूध ने भी दाम बढ़ा दिया है. सुधा दूध के साथ ही अन्य उत्पादों के दाम में भी बढ़ोतरी की गई है. नए मूल्य 1 दिसंबर से प्रभावी होंगे. इस मामले की घोषणा बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड ने की. कॉम्फेड के अनुसार दूध के सभी वेरियंट के दामों में 3 से चार रूपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जा रही है जबकि अन्य दुग्ध उत्पादों के मूल्य में भी बढ़ोतरी की जाएगी.
कॉम्फेड के सहायक महाप्रबंधक, मार्केटिंग अमरेन्द्र ने बताया कि पिछले कुछ समय से पशु चारा, खल्ली, भूसा और दाना की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है. इसके अलावा ईंधन, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन खर्च भी लगातार बढ़ रहे हैं. उत्पादन लागत बढ़ने के कारण कीमतों में यह संशोधन करना अनिवार्य हो गया था. पाउच दूध की बिक्री पर सुधा के खुदरा विक्रेताओं (रिटेलर्स) के मार्जिन को 2.40 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 2.60 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है.
कॉम्फेड के सहायक महाप्रबंधक, मार्केटिंग ने बताया कि बढ़ी कीमतों का लाभ किसान और दुग्ध उत्पादकों को भी मिलेगा. उन्होंने बताया कि ग्रामीण स्तर पर कच्चे दूध के क्रय में 2.26 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि दूध के दाम के साथ ही दूध के अन्य उत्पाद के दाम में भी आंशिक बढ़ोतरी की जाएगी.

