अब ब्लॉक जाने की जरूरत खत्म! बिहार के पंचायत भवन बनेंगे मिनी सचिवालय, घर के पास मिलेंगी सरकारी सेवाएं

अब ब्लॉक जाने की जरूरत खत्म! बिहार के पंचायत भवन बनेंगे मिनी सचिवालय, घर के पास मिलेंगी सरकारी सेवाएं

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार सरकार लगातार आम लोगों की जिंदगी आसान बनाने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है, ताकि लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सकें. इसी कड़ी में राज्य सरकार पंचायत सरकार भवनों को चरणबद्ध तरीके से मिनी सचिवालय के रूप में विकसित कर रही है. इसका उद्देश्य यह है कि लोगों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए ब्लॉक जाने की जरूरत न पड़े और पंचायत भवनों में ही उनके अधिकांश सरकारी काम पूरे हो सकें. सरकार की इस सराहनीय पहल से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं या अन्य जरूरी सेवाओं के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. अब उन्हें योजनाओं की जानकारी और डिजिटल सेवाएं पंचायत भवन में ही मिल सकेंगी, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी.

अब ब्लॉक जाने की जरूरत खत्म

आपको बता दें कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने या अन्य सरकारी सेवाओं के लिए अक्सर ब्लॉक जाना पड़ता है. इससे उनका समय भी बर्बाद होता है और आने-जाने में अतिरिक्त खर्च भी करना पड़ता है.वहीं, बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.इसी को देखते हुए सरकार ने लोगों को सुविधा देने और उनकी परेशानियां कम करने के लिए यह बड़ा कदम उठाया है, ताकि उन्हें समय पर सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके और प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की दिक्कत न हो.

पढ़ें मंत्री दीपक प्रकाश ने क्या बताया है

पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि पूरे बिहार में पंचायत सरकार भवनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा.यहां विभिन्न सरकारी विभागों के अलग-अलग काउंटर होंगे, जहां लोग एक ही स्थान पर अपनी जरूरत की सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे. मंत्री ने बताया कि बिहार के सभी पंचायत सरकार भवनों में डिजिटल सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है.कई पंचायत भवनों में डाकघर की सुविधा पहले ही शुरू की जा चुकी है और अब वहां आधार सेवा केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी सुविधाएं और जरूरी सेवाएं आसानी से और समय पर मिल सकेंगी.

अब घर के आस-पास ही मिल सकेगी सुविधाएं

इसके साथ ही कई पंचायतों में कन्या विवाह मंडप के निर्माण और सार्वजनिक मोक्ष धाम विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है.इन सभी योजनाओं का उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं को और अधिक मजबूत करना है, ताकि बिहार के गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सभी सेवाएं आसानी से पहुंच सकें. मंत्री ने यह भी बताया कि पंचायत स्तर पर आयोजित सहायता एवं सहयोग शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. इन शिविरों में सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभ दिए जा रहे हैं और आवेदनों का समय पर निष्पादन भी किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को पहले की तुलना में अधिक लाभ मिल रहा है.

अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने का झंझट ख़तम होगा

सरकार का मानना है कि पंचायत सरकार भवनों को मिनी सचिवालय के रूप में विकसित किए जाने से प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.लोगों को डाकघर, आधार केंद्र और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. अब उन्हें अपने गांव या घर के पास ही अधिकांश सरकारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.इसके साथ ही पंचायत स्तर पर सुशासन और पारदर्शिता को भी बढ़ावा मिलेगा.