बिहार की हर ईंट पर हो नीतीश कुमार का नाम, नीतीश सेतु पर रोहिणी के पोस्ट का एनडीए ने दिया जवाब

पटना के कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच बने पुल का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम से किए जाने को लेकर राजनीति तेज हो गई है.

बिहार की हर ईंट पर हो नीतीश कुमार का नाम, नीतीश सेतु पर रोहिणी के पोस्ट का एनडीए ने दिया जवाब

पटना: पटना के कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच बने पुल का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम से किए जाने को लेकर राजनीति तेज हो गई है. इस पुल नाम नीतीश सेतु रखे जाने को लेकर राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने क्रेडिट चोरी किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने इस पुल का नाम सामाजिक न्याय सेतु या लालू यादव के नाम पर रखने की मांग की है. अब रोहिणी के बयान पर एनडीए ने भी पलटवार किया है.

नीतीश कुमार ने नया बिहार बनाया

मामले में मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की नींव रखी है. नीतीश कुमार ने बिहार में काफी विकास किया है. उन्होंने कहा कि सरकार का फैसला न सिर्फ सराहनीय बल्कि प्रशंसनीय भी है. राज्य के विकास और नए बिहार के निर्माण में नीतीश कुमार के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है. उनके इस योगदान को सम्मान मिलना ही चाहिए. अब प्रधानमंत्री इस पुल का उद्घाटन करने आ रहे हैं. आप जब पटना से उत्तर बिहार जाएंगे तो जेपी सेतु, गांधी सेतु, नीतीश सेतु फिर राजेंद्र सेतु है. जितने भी सेतु हैं, दक्षिण बिहार से उत्तर बिहार को जोड़ने के लिए श्रृंखला है. इस तरीके से हमलोग महापुरुषों को याद करते हैं.

हर ईंट पर हो नीतीश कुमार का नाम

वहीं दूसरी तरफ मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि 2005 के बाद बिहार में निर्माण और विकास का जो काम हुआ है उसमें नीतीश कुमार का बहुत बड़ा योगदान है. मैं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहता हूं कि नए पुल का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री आ रहे हैं. इस पुल के निर्माण में नीतीश कुमार जी का योगदान है. बिहार के विकास में नीतीश कुमार का जो योगदान है उसके आधार पर हर एक ईंट पर नीतीश कुमार का नाम होना चाहिए.

 

Image