प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एयरपोर्ट जाएंगे नीतीश कुमार, संजय झा बोले- बिहार के लिए बड़ी बात है पीएम का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. नीतीश कुमार प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पटना एयरपोर्ट जाएंगे. जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान इसकी पुष्टि की है.
पटना(PATNA): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. नीतीश कुमार प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पटना एयरपोर्ट जाएंगे. जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान इसकी पुष्टि की है.
प्रधानमंत्री का स्वागत करने जाएंगे नीतीश कुमार
संजय झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आना राज्य के लिए बड़ी बात है. प्रधानमंत्री किसी एक दल के नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों के प्रधानमंत्री हैं. इसलिए उनके दौरे को लेकर विपक्ष क्या कह रहा है, इस पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज बिहार आ रहे हैं और राज्य को कई सौगात भी मिलने वाली हैं.
पुल के निर्माण का श्रेय नीतीश कुमार को
पुल को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर संजय झा ने कहा कि यह सही है कि पुल का निर्माण राज्य सरकार ने कराया है और इसकी शुरुआत से लेकर निर्माण तक नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार करीब 20 बार उनके साथ पुल का निरीक्षण करने गए थे. ऐसे में विपक्ष को यह याद रखना चाहिए कि पुल का निर्माण कब शुरू हुआ था और इसके लिए किसने प्रयास किया.
पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखने पर जताया आभार
संजय झा ने पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर राज्य सरकार का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी बात है. साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, उन्होंने खुद कभी इस तरह का काम किया है या नहीं, यह भी उन्हें याद रखना चाहिए.