पटना (PATNA) : पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार स्पेशल चार्टर्ड विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए. उनके साथ जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी और ललन सराफ भी मौजूद रहे. इस दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा है, क्योंकि दिल्ली में आज उनके नए सरकारी आवास पर गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया है.
पूजा और गृह प्रवेश का कार्यक्रम
नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य होने के नाते दिल्ली के वीआईपी इलाके लुटियंस दिल्ली में 9, सुनहरी बाग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है. यह आवास 'टाइप-8' श्रेणी का है, जिसे वरिष्ठ नेताओं के लिए निर्धारित किया जाता है. आज इसी नए सरकारी बंगले में पूजा और गृह प्रवेश का कार्यक्रम होगा.
जानकारी के अनुसार, गृह प्रवेश समारोह में जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है. दोनों दलों के नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए इस कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है. हालांकि, इसे निजी और औपचारिक कार्यक्रम बताया जा रहा है.
गृह प्रवेश कार्यक्रम की चर्चा तेज
नीतीश कुमार का नया सरकारी आवास देश की राजधानी के सबसे प्रमुख और सुरक्षित इलाकों में से एक लुटियंस दिल्ली में स्थित है. खास बात यह है कि यह बंगला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के सरकारी आवास के बेहद करीब है. इसी वजह से भी इस आवास और गृह प्रवेश कार्यक्रम की चर्चा तेज है.
फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि गृह प्रवेश कार्यक्रम में कौन-कौन से बड़े नेता शामिल होते हैं और क्या इस दौरान किसी महत्वपूर्ण राजनीतिक मुलाकात या संदेश के संकेत देखने को मिलते हैं. हालांकि, अभी तक इसे केवल गृह प्रवेश और पूजा का कार्यक्रम ही बताया गया है.

