बिहार विधान परिषद चुनाव में हार पर बोले निशांत कुमार, कहा- हार स्वीकार है, कमियों की होगी समीक्षा
बिहार विधान परिषद चुनाव में मिली हार को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ कहा कि चुनाव में हार हुई है और वे इसे स्वीकार करते हैं. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी इस हार की समीक्षा करेगी और जहां भी कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर करने की कोशिश की जाएगी.
पटना(PATNA): बिहार विधान परिषद चुनाव में मिली हार को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ कहा कि चुनाव में हार हुई है और वे इसे स्वीकार करते हैं. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी इस हार की समीक्षा करेगी और जहां भी कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर करने की कोशिश की जाएगी.
निशांत कुमार ने कहा कि चुनाव के नतीजों से सीख लेने की जरूरत है. पार्टी यह समझने की कोशिश करेगी कि आखिर कहां कमी रह गई और किन वजहों से हार का सामना करना पड़ा. समीक्षा के बाद संगठन को मजबूत करने और आगे बेहतर प्रदर्शन करने की दिशा में काम किया जाएगा.
सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर निशांत कुमार ने उन्हें श्रद्धांजलि भी दी. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा देने वाला है. उनके विचारों और कामों से बहुत कुछ सीखने को मिलता है. हमें लगातार उनके जीवन से प्रेरणा लेते रहना चाहिए. देश को एकजुट रखने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.
उत्तर प्रदेश में संगठन मजबूत करने पर जोर
वहीं, उत्तर प्रदेश में होने वाले बड़े राजनीतिक कार्यक्रम को लेकर भी निशांत कुमार ने अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि वे इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि वहां पार्टी का संगठन और मजबूत हो. इसके साथ ही NDA गठबंधन के बैनर तले मिलकर चुनाव लड़ने की दिशा में भी काम किया जाएगा.
निशांत कुमार ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी. उत्तर प्रदेश में होने वाला कार्यक्रम इसी दिशा में एक अहम कदम है.