10 सर्कुलर आवास खाली करने में नया पेंच, राबड़ी देवी ने मांगी 20 साल पुराने रिकॉर्ड की लिस्ट, 5 जुलाई तक का समय भी चाहा

10 सर्कुलर आवास खाली करने में नया पेंच, राबड़ी देवी ने मांगी 20 साल पुराने रिकॉर्ड की लिस्ट, 5 जुलाई तक का समय भी चाहा

पटना (PATNA) : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने की प्रक्रिया फिलहाल अटक गई है. आवास आवंटन के समय मिले सरकारी सामानों की आधिकारिक सूची नहीं मिलने के कारण पूरा मामला उलझ गया है. राबड़ी देवी की ओर से भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर पहले सामान की सूची उपलब्ध कराने और उसके मिलान के बाद ही आवास खाली करने की बात कही गई है. साथ ही इस प्रक्रिया के लिए 5 जुलाई तक का समय भी मांगा गया है.

अब तक यह सूची उपलब्ध नहीं

राबड़ी देवी के आप्त सचिव ने इस संबंध में भवन निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखा है. पत्र में विभाग की ओर से 22 जून को जारी अंतिम नोटिस का उल्लेख किया गया है. नोटिस के अनुसार, आवास खाली करने की प्रक्रिया पूरी करने से पहले 24 जून को विभागीय टीम को आवंटन के समय दिए गए सामानों की अधिकृत सूची उपलब्ध करानी थी, लेकिन अब तक यह सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है.

आवास खाली करने की प्रक्रिया होगी पूरी

पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2006 में जब राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास आवंटित किया गया था, तब जो फर्नीचर और अन्य सरकारी सामान दिए गए थे, उनकी आधिकारिक सूची उपलब्ध कराई जाए. सूची मिलने के बाद सभी सामानों का मिलान किया जाएगा और उसके बाद ही आवास खाली करने की प्रक्रिया पूरी होगी.

पहले रिकॉर्ड का सत्यापन जरूरी

राबड़ी देवी की ओर से यह भी कहा गया है कि बिना आधिकारिक सूची के यदि आवास खाली किया जाता है तो भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद या भ्रम पैदा हो सकता है. इसलिए पहले रिकॉर्ड का सत्यापन जरूरी है.

आवास विधिवत खाली किया जा सके

बताया जा रहा है कि मामला करीब 20 साल पुराने रिकॉर्ड से जुड़ा होने के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है. इसी वजह से राबड़ी देवी की ओर से भवन निर्माण विभाग से 5 जुलाई तक का समय भी मांगा गया है ताकि आवंटित सामान की सूची का मिलान कर आवास विधिवत खाली किया जा सके.

अब इस पूरे मामले में विभाग की ओर से सामान की सूची उपलब्ध कराने और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है.