पटना (BIHAR) : केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने पटना में आयोजित होने वाली एनडीए की बैठक को बेहद महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार है और सरकार तथा संगठन मिलकर विकसित बिहार बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा के लिए समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित की जाती हैं.
विस्तार से चर्चा होगी
नित्यानंद राय ने बताया कि इस बैठक में एनडीए के सभी घटक दलों के जिला अध्यक्ष, प्रदेश स्तर के नेता और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि बैठक में आगामी योजनाओं, संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा होगी.
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश की सेना को पहले से अधिक मजबूत और सक्षम बनाया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वीर जवानों ने अपनी बहादुरी और पराक्रम का परिचय दिया. इस अभियान ने दुनिया को भारतीय सेना की ताकत और क्षमता का एहसास कराया है.
पहले से अधिक मजबूत हुई है
उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना का मनोबल काफी ऊंचा है और वह हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है.
पार्टी मजबूती के साथ चुनाव जीतेगी
बांकीपुर विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर नित्यानंद राय ने भरोसा जताते हुए कहा कि एनडीए प्रत्याशी की शत-प्रतिशत जीत होगी. उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने क्षेत्र में लगातार काम किया है और वहां की जनता को अपने परिवार की तरह माना है. यही कारण है कि जनता का पूरा समर्थन एनडीए को मिलेगा और पार्टी मजबूती के साथ चुनाव जीतेगी.
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार विकास, सुशासन और जनता की सेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है तथा आने वाले समय में बिहार के विकास को और गति देने के लिए सरकार और संगठन मिलकर आगे बढ़ते रहेंगे.

