पटना (PATNA) : रेज़िंग एंड एक्सेलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (RAMP) योजना के तहत नव चयनित MSME मित्रों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. MSME निदेशालय, उद्योग विभाग, बिहार सरकार की ओर से विकास भवन के तृतीय तल स्थित उद्योग विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यशाला में MSME क्षेत्र से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई.
राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य MSME मित्रों को सरकारी योजनाओं, RAMP कार्यक्रम के तहत चल रही पहलों और उद्यमियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं अवसरों से परिचित कराना था. उन्हें बताया गया कि वे उद्यमियों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं को समझने और उचित मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. विशेषज्ञों ने बताया कि राज्य के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की अहम भूमिका है. MSME क्षेत्र को मजबूत करने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी.

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बना सकते हैं
कार्यशाला में उद्यम रजिस्ट्रेशन, ZED Certification और Lean Methodology के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. बताया गया कि इनकी मदद से उद्यम अपनी गुणवत्ता और उत्पादकता में सुधार करने के साथ बाजार में प्रतिस्पर्धा की क्षमता बढ़ा सकते हैं. इसके अलावा उद्यमों के विकास और विस्तार के लिए निर्यात की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. MSME मित्रों को बताया गया कि बेहतर गुणवत्ता, जरूरी प्रमाणन, आधुनिक उत्पादन प्रक्रिया और बाजार की समझ के जरिए स्थानीय उद्यम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बना सकते हैं.

उद्यमियों और उद्योग विभाग के बीच मजबूत कड़ी बनेंगे
कार्यशाला में MSME मित्रों को उद्यमियों की समस्याओं को समझने, उन्हें आवश्यक जानकारी देने और विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया.अधिकारियों ने कहा कि MSME मित्र उद्यमियों और उद्योग विभाग के बीच मजबूत कड़ी बनेंगे. इनके माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा. इस अवसर पर उद्योग विभाग के पदाधिकारी, कर्मचारी और संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे.

