पटना सिटी के वेयरहाउस में लगी विकराल आग, 50 लाख से अधिक का सामान जलकर राख

पटना सिटी के करमलीचक स्थित एक वेयरहाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से 50 लाख रुपये से अधिक का डालडा, रिफाइंड और तेल जलकर नष्ट हो गया। आग बुझाने के लिए 21 दमकल गाड़ियां छह घंटे से लगातार अभियान चला रही हैं.

पटना सिटी के वेयरहाउस में लगी विकराल आग, 50 लाख से अधिक का सामान जलकर राख

पटना (PATNA) : राजधानी  के पटना सिटी स्थित करमलीचक इलाके में एक वेयरहाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. गोदाम में बड़ी मात्रा में डालडा, रिफाइंड तेल और अन्य खाद्य तेल का स्टॉक रखा हुआ था जो आग की लपटों में जलकर नष्ट हो गया.

50 लाख से अधिक की संपत्ति के नुकसान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस अग्निकांड में 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गोदाम के आसपास मौजूद गार्ड और कर्मचारी अपनी जान बचाकर बाहर निकल गए. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई.

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 21 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई हो रही है. दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं.

किसी प्रकार की जनहानि न हो

बताया जा रहा है कि घटना के करीब छह घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है. आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा. एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो.

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद अग्निशमन विभाग और प्रशासन की टीम घटना की जांच करेगी, जिसके बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी. फिलहाल दमकल कर्मियों का अभियान लगातार जारी है.